Donald Trump Venezuela Earthquake: वेनेजुएला में आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के विनाशकारी डबल भूकंप से मची तबाही के बीच अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी मदद का हाथ आगे बढ़ा है। संयुक्त राज्य अमेरिका (U.S.A.) के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस भीषण आपदा पर संज्ञान लेते हुए वेनेजुएला को हर संभव और त्वरित सहायता देने का एलान किया है। राष्ट्रपति ट्रंप ने स्पष्ट किया है कि संकट की इस घड़ी में अमेरिका अपने साथी देश के साथ मजबूती से खड़ा है।
शुरुआती रिपोर्ट बिल्कुल अच्छी नहीं- राष्ट्रपति ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने आधिकारिक बयान में वेनेजुएला में जमीनी हालात को बेहद चिंताजनक बताया। उन्होंने पोस्ट में लिखा, 'अभी-अभी वेनेजुएला के महान लोगों को प्रभावित करने वाले दो बड़े भूकंप पैमाने में बेहद विशाल हैं और इनके कारण विनाशकारी संख्या में मौतें हुई हैं। संयुक्त राज्य अमेरिका सहायता के लिए पूरी तरह तैयार, इच्छुक और सक्षम है! मैंने हमारी सरकार की सभी एजेंसियों को तेजी से कदम उठाने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। हम अपने नए और महान दोस्तों के लिए वहां मौजूद रहेंगे। शुरुआती रिपोर्ट बिल्कुल भी अच्छी नहीं हैं!!!'
अमेरिकी रेस्क्यू टीमें और टास्क फोर्स एक्टिव
राष्ट्रपति के इस कड़े और स्पष्ट निर्देश के बाद वाशिंगटन में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। अमेरिकी विदेश सहायता उप-सचिव जेरेमी लेविन के अनुसार, वेनेजुएला के लिए एक विशेष डिजास्टर रेस्क्यू टीम और टास्क फोर्स को मोबिलाइज (सक्रिय) कर दिया गया है। यह टीम मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए आधुनिक खोजी उपकरणों, जीवन रक्षक दवाओं और मानवीय सहायता सामग्री के साथ जल्द ही वेनेजुएला पहुंचेगी।
वेनेजुएला भूकंप में मृतक
वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने बताया कि भूकंप के बाद 32 लोगों की मौत हो गई है और 700 घायल हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका। बता दें कि वेनेजुएला में बुधवार शाम लगातार दो शक्तिशाली भूकंप आए जिससे बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ, इमारतें ढह गईं और डरे-सहमे कई लोग घरों से बाहर आए गए। इन 7.2 और 7.5 तीव्रता के भूकंपों ने पूरे क्षेत्र को हिलाकर रख दिया, जिसके कारण कई शहरों में इमारतों को खाली कराना पड़ा और इसके झटके करीब 1,700 किलोमीटर दूर ब्राजील के अमेजन तक महसूस किए गए।
