दुनिया

ईरान को अमेरिकी सीनेटर की चेतावनी, इजरायल-हमास जंग का दायरा अगर बढ़ा तो यह आपके आंगन तक पहुंचेगा

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 23, 2023, 07:34 AM IST

Israel-Hamas war : इस बीच अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने रविवार को कहा कि उनके देश को आशंका है कि ईरान की परोक्ष भागीदारी की वजह से इजराइल-हमास युद्ध तेज होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि अमेरिकी सैन्य कर्मियों या सशस्त्र बल को निशाना बनाकर कोई कार्रवाई की जाती है तो बाइडन प्रशासन उसका जवाब देने के लिए तैयार है।

Image

ईरान को अमेरिका ने चेतावनी दी।

Photo : AP

Israel-Hamas war : इजरायल-हमास युद्ध को लेकर अमेरिका के सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने ईरान को कड़ी चेतावनी दी है। सीनेटर ने गत सात अक्टूबर को इजरायल पर हुए हमास के हमलों में ईरान की संलिप्तता का आरोप लगाया है। ग्राहम ने कहा कि युद्ध का दायरा अगर बढ़ता है तो ईरान को इसकी कीमत चुकानी होगी। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक तेल अवीव की यात्रा पर आए सीनेटर ने कहा कि 'हम ईरान को बताने के लिए हम यहां आए हैं। आप पर हमारी नजर बनी हुई है। इस जंग का दायरा अगर बढ़ता है तो यह आपके आंगन तक पहुंचने जा रहा है।' उन्होंने कहा कि 'यह सोचना कि इजरायल पर हमास का हमला बिना ईरान की संलिप्तता के हुआ, हास्यास्पद है।'

ब्लिंकन ने भी दी चेतावनी

इस बीच अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने रविवार को कहा कि उनके देश को आशंका है कि ईरान की परोक्ष भागीदारी की वजह से इजराइल-हमास युद्ध तेज होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि अमेरिकी सैन्य कर्मियों या सशस्त्र बल को निशाना बनाकर कोई कार्रवाई की जाती है तो बाइडन प्रशासन उसका जवाब देने के लिए तैयार है।

'हम तनाव नहीं बढ़ाना चाहते'

ब्लिंकन ने कहा, ‘हम तनाव नहीं बढ़ाना चाहते। हम नहीं चाहते कि हमारी सेनाएं या हमारे कर्मी गोलीबारी की चपेट में आएं। लेकिन अगर ऐसा होता है तो हम इसके लिए तैयार हैं।’ ब्लिंकन की यह चेतावनी, सात अक्टूबर को हमास द्वारा दक्षिणी इज़राइल पर आम लोगों को निशाना बनाए जाने के बाद इजराइल की जवाबी सैन्य कार्रवाई के तीसरे सप्ताह में प्रवेश करने के बाद आई है। अमेरिका के विदेश मंत्री ने कहा कि मुझे आशंका है कि ‘ईरान की ओर से लड़ाके हमारी सेनाओं, हमारे कर्मियों को निशाना बनाकर तनाव बढ़ाएंगे। हम यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठा रहे हैं कि हम अपने लोगों की प्रभावी ढंग से रक्षा कर सकें और जरूरत पड़ने पर निर्णायक जवाब दे सकें।’

लेबनान-इजरायल सीमा पर झड़पें तेज

लेबनान-इजरायल सीमा पर झड़पें तेज होने और रविवार को इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू द्वारा इसे एक नये युद्ध में खुद को शामिल नहीं करने की चेतावनी दिये जाने के बीच हिजबुल्ला ने अपने पांच और सदस्यों के मारे जाने की घोषणा की है। लेबनान, शिया मुस्लिम राजनीतिक दल हिजब्बुला और इसी नाम से इसकी एक सशस्त्र शाखा का ठिकाना है। फलस्तीनी चरमपंथी संगठन के साथ इजरायल का युद्ध शुरू होने के बाद से इजराइली सैनिकों और आतंकियों के बीच दोनों ओर से गोलाबारी हुई है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article