दुनिया

तो क्या भूलने की बीमारी से जूझ रहे बाइडेन? अमेरिकी पत्रकार का दावा-कमला हैरिस हो सकती हैं उनकी जगह राष्ट्रपति उम्मीदवार

Joe Biden Fitness: प्रेसिडेंशियल डिबेट में अपने खराब प्रदर्शन पर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने सफाई दी है। बाइडेन ने कहा कि वह लंबी यात्राओं से थक जाते हैं। ट्रंप के साथ डिबेट में करीब-करीब सो गए थे। पिछले सप्ताह अटलांटा में हुए इस डिबेट में रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप उन पर भारी पड़े।

Image

राष्ट्रपति पद की रेस से बाहर हो सकते हैं डोनाल्ड ट्रंप।

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
पिछले सप्ताह अटलांटा में बाइडेन और ट्रंप के बीच हुई पहली प्रेसिंडेशियल डिबेट
इस डिबेट में बाइडेन पर भारी पड़े डोनाल्ड ट्रंप, बाइडेन अपनी बात ठीक से नहीं रख पाए
अमेरिकी पत्रकार का दावा है कि बाइडेन की जगह कमला हैरिस उनकी जगह से लकती हैं

Joe Biden Fitness: अमेरिकी राष्ट्रपति पद की रेस में जो बाइडेन बने रहेंगे कि नहीं, इस पर अब सस्पेंस पैदा हो गया है। बीते गुरुवार की प्रेसिडेंशियल डिबेट में उन्होंने जिस तरह का बर्ताव किया और अपनी स्पीच में जिस तरह से लड़खड़ाए, उससे उनकी फिटनेस और स्वास्थ्य को लेकर सवाल उठने लगे हैं। यहां तक कि कहा जा रहा है कि बाइडेन राष्ट्रपति पद की रेस से खुद को बाहर कर सकते हैं। फॉक्स न्यूज के मशहूर मेजबान टकर क्लार्सन ने भी इस बात को हवा दी है।

क्लार्सन का दावा-डिमेंशिया से पीड़ित हैं बाइडेन

क्लार्सन का दावा है कि राष्ट्रपति जो बाइडेन भूलने की बीमारी (डिमेंशिया) से पीड़ित हैं। उन्होंने मुख्य मीडिया पर बाइडेन के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी छिपाने का आरोप लगाया है। स्काई न्यूज के मुताबिक क्लार्सन का कहना है कि डेमोक्रेट्स नेता आने वाले दिनों में बाइडेन की जगह कमला हैरिस को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बना सकते हैं। हैरिस अभी उप राष्ट्रपति हैं।

इसी साल नवंबर में होंगे राष्ट्रपति चुनाव

गौरतलब है कि अमेरिका में राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव इसी साल नवंबर में होंगे। बाइडेन का मुकाबला भी इस बार रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप से है। चुनाव के लिए दोनों उम्मीदवारों के बीच पहली प्रेसिडेंशियल डिबेट अटलांटा में हुई। इस डिबेट में बाइडेन अपनी बात ठीक से नहीं रख पाए और अपनी बातों में वह अटकते रहे। पूरी डिबेट के दौरान वह खोए-खोए से दिखे। जबकि ट्रंप ने मुद्दों पर अपनी बातें आक्रामक अंदाज में और प्रभावी तरीके से रखीं। इस बहस में ट्रंप उन पर भारी पड़े।

ओबामा ने बाइडेन का समर्थन किया

इस डिबेट के बाद मीडिया में बाइडेन के स्वास्थ्य और फिटनेस को लेकर तरह-तरह के सवाल उठने लगे। बाइडेन को राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ना चाहिए या नहीं इसे लेकर भी अमेरिकी लोगों में राय बंटी हुई दिखी। हालांकि, पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और अन्य डेमोक्रेट नेताओं ने बाइडेन का यह कहते हुए समर्थन किया कि उन्हें चुनाव लड़ना चाहिए।

मैं करीब-करीब डिबेट में सो गया था-बाइडेन

ट्रंप के साथ डिबेट में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाने के बारे में बाइडेन ने अब सफाई दी है। बाइडेन ने कहा है कि हाल के दिनों में उन्होंने अलग-अलग टाइम जोन में लंबी-लंबी यात्राएं की हैं। इन यात्राओं का असर उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ा है, इसका असर प्रेसिडेंशियल डिबेट पर भी दिखाई दिया। चुनावी चंदे के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बाइडेन ने कहा कि यह कोई बहाना नहीं है बल्कि वस्तु स्थिति और तथ्य है। बाइडेन ने आगे कहा कि डिबेट से ठीक पहले वह लंबी यात्राएं करना पसंद नहीं करते। राष्ट्रपति ने कहा कि 'अपनी सेहत के बारे में उन्होंने अपने स्टॉफ की सलाह नहीं मानी...वह डिबेट में गए और स्टेज पर करीब-करीब वह सो गए थे।'

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article