देश

Rain Alert: दिल्ली में ऑरेंज तो गुजरात में बारिश का रेड अलर्ट, असम-उत्तराखंड में और बिगड़ेंगे हालात, जानिए देशभर का हाल

मौसम विभाग ने कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने निर्धारित समय से छह दिन पहले 2 जुलाई को पूरे देश को कवर कर लिया, जबकि जून में इसकी गति बेहद धीमी थी, जब देश प्रचंड गर्मी से जूझ रहा था।

Image

IMD का बारिश का अपडेट

Photo : PTI

IMD Rain And Weather Updates: समय से छह दिन पहले पहुंचा मानसून कहीं भारी बारिश ला रहा है तो कई इलाकों को अब भी एक अच्छी बारिश का इंतजार है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बारिश को लेकर नया अपडेट जारी किया है। आईएमडी ने मध्यम से भारी बारिश के पूर्वानुमान के बीच उत्तर भारत के 15 राज्यों के लिए 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया। आईएमडी ने कहा कि दिल्ली में बुधवार (3 जुलाई) को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में भी आज इसी तरह की चेतावनी जारी की गई है। राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को अलर्ट के बावजूद कोई बारिश नहीं हुई और मंगलवार को कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई। उधर, गुजरात के लिए भी रेड अलर्ट जारी किया गया। आईएमडी ने इस सप्ताह देश पर दक्षिण-पश्चिम मानसून के हावी होने के बाद 3 जुलाई को राज्य में अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान लगाया है।

इन राज्यों में बारिश का अलर्ट

मंगलवार को शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के बावजूद दिल्ली में उमस भरी दिन जारी रहा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस और 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सापेक्षिक आर्द्रता 62 प्रतिशत रही। आईएमडी के दैनिक बुलेटिन के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 5 से 7 जुलाई के बीच भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 6 और 7 जुलाई को इसी तरह की चेतावनी जारी की गई है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 4 से 7 जुलाई के बीच, पूर्वी राजस्थान में 3 से 7 जुलाई के बीच, पश्चिमी राजस्थान में 3 जुलाई को, मध्य प्रदेश में 3 और 4 जुलाई को और छत्तीसगढ़ में 3 जुलाई को भारी बारिश होने की संभावना है। 6 और 7 जुलाई को कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र, 3 जुलाई को गुजरात और 5 से 7 जुलाई के बीच तटीय कर्नाटक में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था।

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश

आईएमडी ने कहा कि पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में, असम और अरुणाचल प्रदेश में 5 से 7 जुलाई के बीच अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट है। पिछले कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण दोनों राज्यों में भीषण बाढ़ आ रही है। मौसम विभाग ने कहा कि 3 जुलाई को बिहार में, 3 और 4 जुलाई को अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में और 3 से 5 जुलाई के बीच पश्चिम बंगाल और सिक्किम, नागालैंड, त्रिपुरा, मणिपुर और मिजोरम के कुछ हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

असम-उत्तराखंड में बाढ़ से हालात बिगड़े

वहीं, असम में बाढ़ की स्थिति मंगलवार को काफी खराब हो गई और तीन और लोगों की जान चली गई और 23 जिलों में 11.3 लाख से अधिक लोग बाढ़ की चपेट में आ गए। मरने वालों की संख्या 48 हो गई है। उधर, उत्तराखंड में, राज्य के कई हिस्सों में बाढ़ का कहर जारी है और नदी का जल स्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। अलकनंदा नदी के किनारे चल रहे उत्खनन कार्य से बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई और पानी कुछ देर के लिए ब्रह्मकपाल को डुबो दिया और बद्रीनाथ मंदिर के करीब तप्तकुंड की सीमा तक पहुंच गया, जिससे भक्तों में डर पैदा हो गया।

पूरे देश में पहुंचा मानसून

मौसम विभाग ने कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने निर्धारित समय से छह दिन पहले 2 जुलाई को पूरे देश को कवर कर लिया, जबकि जून में इसकी गति बेहद धीमी थी, जब देश प्रचंड गर्मी से जूझ रहा था। केरल और पूर्वोत्तर क्षेत्र में मानसून सामान्य से दो और छह दिन पहले 30 मई को पहुंचा। आईएमडी ने एक बयान में कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के शेष हिस्सों में आगे बढ़ गया है। इसने 8 जुलाई की सामान्य तारीख के मुकाबले 2 जुलाई, 2024 को पूरे देश को कवर किया। भारत में जून के मध्य में सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई, जिसके कारण जून में कुल मिलाकर सामान्य से कम बारिश हुई, इस महीने में सामान्य 165.3 मिमी की तुलना में 147.2 मिमी वर्षा हुई, जो 2001 के बाद से सातवीं सबसे कम है। यह लगातार तीसरा वर्ष है जब आईएमडी ने कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून तय समय से पहले पूरे देश में पहुंच गया।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!