दुनिया

G-20 Summit: अमेरिका को आशंका-संयुक्त घोषणापत्र से दूरी बना सकते हैं रूस-चीन, बताई वजह

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Sep 7, 2023, 07:23 AM IST

G-20 Summit 2023: संयुक्त घोषणापत्र जारी होने के बारे में एक बड़ी बाधा का जिक्र करते हुए किरबी ने कहा कि यूक्रेन युद्ध की भाषा को लेकर सदस्य देशों के बीच गतिरोध बन सकता है। युद्ध पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की भावनाओं के अनुरूप जो भाषा तैयार की जाती है उस पर हस्ताक्षर करने के लिए रूस और चीन तैयार नहीं होते।

Image

दिल्ली में 9-10 सितंबर को जी-20 समिट।

Photo : ANI

G-20 Summit 2023: जी-20 सम्मेलन पर यूक्रेन युद्ध का साया किसी न किसी रूप में रहने वाला है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के भारत न आने के पीछे एक वजह यह भी बताई जा रही है। अब अमेरिका ने भी जी-20 समिट के घोषणापत्र और इस पर दोनों देशों के रुख को लेकर आशंका जताई है। अमेरिका ने बुधवार को कहा कि आगामी जी-20 समिट से संयुक्त घोषणापत्र की संभावना पर उसे थोड़ा संदेह है।

किरबी ने दिया जवाब

राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद में रणनीतिक संवाद के कोऑर्डिनेटर जॉन किरबी से दिल्ली में हो रहे जी-20 सम्मेलन के संयुक्त घोषणापत्र के बारे में जब पत्रकारों ने सवाल पूछा तो उन्होंने कहा, 'जाहिर तौर पर हम ऐसा सोचते हैं। मेरा मानना है कि एक ही समय पर सभी आपकी धुन पर काम करें ऐसा करा पाना मुश्किल है। हम लोग इस पर काम करने जा रहे हैं। हमें पता है कि भारतीय भी एक संयुक्त घोषणापत्र देखना चाहेंगे...हम देखेंगे कि बात कहां जा रही है।'

संयुक्त घोषणापत्र में यूक्रेन युद्ध एक बाधा

संयुक्त घोषणापत्र जारी होने के बारे में एक बड़ी बाधा का जिक्र करते हुए किरबी ने कहा कि यूक्रेन युद्ध की भाषा को लेकर सदस्य देशों के बीच गतिरोध बन सकता है। युद्ध पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की भावनाओं के अनुरूप जो भाषा तैयार की जाती है उस पर हस्ताक्षर करने के लिए रूस और चीन तैयार नहीं होते। वे कई बार ऐसा कर चुके हैं। आशंका है कि इस बार भी वे ऐसा ही करेंगे।

शुक्रवार को पीएम से मिलेंगे बाइडेन

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए बृहस्पतिवार को नई दिल्ली जाएंगे। शुक्रवार को राष्ट्रपति प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे और शनिवार और रविवार को वह जी20 शिखर सम्मेलन के आधिकारिक सत्र में भाग लेंगे। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरिन जीन-पियरे ने अपने दैनिक संवाददाता सम्मेलन में कहा, 'हम इस वर्ष जी20 के नेतृत्व के लिए प्रधानमंत्री मोदी की सराहना करते हैं और हम यह सुनिश्चित करने में मदद करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि इस वर्ष भारत की मेजबानी में जी20 (शिखर सम्मेलन) सफल रहे।'

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article