दुनिया

'भारत और पाकिस्तान के साथ US के रिश्तों में कोई बदलाव नहीं'...मुनीर से नजदीकी पर सवाल उठे तो सफाई देने लगा अमेरिका

विदेश विभाग की यह टिप्पणी पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर की फ्लोरिडा में की गई टिप्पणी के बाद आई है, जहां उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान अस्तित्व के लिए खतरा पैदा होने की स्थिति में भारत और आधी दुनिया को तबाह करने के लिए परमाणु हथियारों का इस्तेमाल कर सकता है।

Image

पाकिस्तान और आसिम मुनीर को लेकर अमेरिका की सफाई (ANI)

US Relationship With India-Pakistan: पाकिस्तान के साथ बढ़ती नजदीकियों और आर्मी चीफ आसिम मुनीर की हिमाकतों के बीच अमेरिका ने सफाई पेश करते हुए कहा है कि भारत और पाकिस्तान दोनों के साथ उसके संबंधों में कोई बदलाव नहीं आया है। अमेरिकी विदेश विभाग की प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने कहा कि पाकिस्तान और भारत, दोनों के साथ अमेरिका के संबंध अपरिवर्तित हैं, और कहा कि राजनयिक दोनों देशों के प्रति प्रतिबद्ध हैं। उनकी यह टिप्पणी पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर की फ्लोरिडा में की गई टिप्पणी के बाद आई है, जहां उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान अस्तित्व के लिए खतरा पैदा होने की स्थिति में भारत और आधी दुनिया को तबाह करने के लिए परमाणु हथियारों का इस्तेमाल कर सकता है।

भयानक रूप ले सकता था भारत-पाकिस्तान संघर्ष

विदेश विभाग की ब्रीफिंग में बोलते हुए टैमी ब्रूस ने कहा कि पाकिस्तान और भारत के साथ हमारा एक ऐसा अनुभव रहा है, जब संघर्ष हुआ था, जो काफी भयानक रूप ले सकता था। उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने जो कुछ हो रहा था, उसपर तुंरत चिंता और सक्रियता दिखाई। ब्रूस ने संघर्ष को बढ़ने से रोकने में कूटनीतिक प्रयासों की सफलता पर जोर देते हुए कहा, हमने फोन कॉल्स और हमलों को रोकने के लिए किए गए हमारी कोशिशों के बारे में बताया, जिससे सभी पक्षों को एक साथ लाकर एक स्थायी समाधान तैयार हुआ। यह बहुत गर्व की बात है कि विदेश मंत्री रुबियो, उपराष्ट्रपति वेंस और इस देश के शीर्ष नेता उस संभावित तबाही को रोकने में शामिल थे।

भारत-पाकिस्तान के साथ संबंध अपरिवर्तित

उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देशों के साथ अमेरिका के संबंध अपरिवर्तित- अच्छे बने हुए हैं। राजनयिक दोनों देशों के प्रति प्रतिबद्ध हैं। मंगलवार को इस्लामाबाद में शुरू हुई अमेरिका-पाकिस्तान आतंकवाद-रोधी वार्ता पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा, इस्लामाबाद में हुई हालिया वार्ताओं के दौरान अमेरिका और पाकिस्तान ने आतंकवाद के सभी रूपों से निपटने के लिए अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराई। अमेरिका और पाकिस्तान ने आतंकवादी खतरों से निपटने के लिए सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।

आसिम मुनीर की अमेरिका यात्रा

उन्होंने आगे कहा, क्षेत्र और दुनिया के लिए अमेरिका का इन दोनों देशों के साथ काम करना अच्छी खबर है और एक ऐसे भविष्य को बढ़ावा देगा जो लाभकारी हो। गौरतलब है कि मुनीर दो महीने से भी कम समय में दूसरी बार अमेरिका की यात्रा पर हैं। यह यात्रा जून में ट्रंप के साथ एक निजी लंच के बाद हो रही है। मुनीर रविवार को अमेरिका के शीर्ष राजनीतिक और सैन्य नेतृत्व के साथ कई उच्च-स्तरीय बैठकों के लिए वाशिंगटन पहुंचे थे। ऐसे ही एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने दुनिया को परमाणु युद्ध की धमकी दी जिस पर अमेरिका चुप्पी साधे हुए है। (ANI)

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article