दुनिया

पाकिस्तान को भारत ने याद दिलाई उसकी हद, तो आया अमेरिकी राष्ट्रपति का रिएक्शन; कह दी ये बड़ी बात

पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना की ओर से 'ऑपरेशन सिंदूर' को अंजाम दिए जाने के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने युद्ध जैसी स्थिति के एक प्रश्न के जवाब में कहा कि वे दोनों देशों में तनाव को कम करने में किसी भी मदद के लिए तैयार हैं। कहा कि मैं दोनों को बहुत अच्छी तरह से जानता हूं और मैं तनाव को हल करते हुए देखना चाहता हूं।

Image

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

Photo : ANI

न्यूयॉर्क/वाशिंगटन: भारत ने पहलगाम हमले पर जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान को उसकी हद याद दिला दी है। भारतीय सेना ने पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों पर हमले कर अपने इरादे जाहिर कर दिए हैं। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का रिएक्शन सामने आया है। ट्रंप ने कहा कि दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के बीच अगर वह कुछ मदद कर सके हैं, तो जरूर करेंगे। वह चाहते हैं कि दोनों देशों के बीच बढ़ता संघर्ष रुकना चाहिए। ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच संभावित 'युद्ध' पर एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि यह बहुत भयानक है। मेरी स्थिति यह है कि मैं दोनों को साथ लेकर काम करूं। मैं दोनों को बहुत अच्छी तरह से जानता हूं और मैं उन्हें इसे (तनाव को) हल करते हुए देखना चाहता हूं। मैं उन्हें रुकते हुए देखना चाहता हूं और उम्मीद है कि वे अब रुक सकते हैं। वे एक दूसरे के खिलाफ जैसे को तैसा वाला व्यवहार कर रहे हैं, इसलिए उम्मीद है कि वे अब रुक सकते हैं। मैं उन दोनों को जानता हूं, हम दोनों देशों के साथ बहुत अच्छे से मिलकर काम करते हैं।

ट्रंप ने कहा कि दोनों के साथ अच्छे संबंध हैं और मैं इसे रुकते देखना चाहता हूं। और अगर मैं कुछ मदद कर सकता हूं तो मैं ज़रूर करूंगा। इससे पहले ट्रंप ने कहा था कि उन्हें उम्मीद है कि शत्रुता बहुत जल्द समाप्त हो जाएगी। ट्रंप ने कहा कि हमने इसके बारे में तब सुना जब हम ओवल (अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यालय) जा रहे थे। मुझे लगता है कि लोगों को पता था कि अतीत में जो कुछ हुआ है उसके आधार पर कुछ होने वाला है।

ट्रंप ने कहा कि वे लंबे समय से लड़ रहे हैं। वास्तव में, अगर आप वास्तव में इसके बारे में सोचें तो वे कई दशकों और सदियों से लड़ रहे हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या उनके पास दोनों देशों के लिए कोई संदेश है। उन्होंने कहा कि नहीं, मैं बस उम्मीद करता हूं कि यह बहुत जल्दी खत्म हो जाए।

बता दें कि 22 अप्रैल को पहलगाम की बैसरन घाटी पर आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सशस्त्र बलों ने 6 और 7 मई की दरम्यानी रात पाकिस्तान और पीओके में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए। भारत ने जहां मिसाइल हमला किया, उनमें बहावलपुर भी शामिल है, जो जैश-ए-मोहम्मद आतंकी संगठन का गढ़ है। भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' में जैश-ए-मोहम्मद के ठिकानों पर हमला किया, इसमें मसूद अजहर के परिवार के 10 लोगों की मौत पर मसूद की प्रतिक्रिया सामने आई है और उसका कहना है ' काश मैं भी मारा गया होता...' ऐसा मीडिया सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article