Donald Trump India Visit: भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक और कूटनीतिक संबंध एक बार फिर 'ऐतिहासिक गति' पकड़ चुके हैं। भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने वाशिंगटन में आयोजित एक लीडरशिप समिट के दौरान कहा है कि अमेरिकी प्रशासन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत दौरे को अंतिम रूप देने में जुटा है। फ्रांस में आयोजित जी7 (G7) शिखर सम्मेलन के दौरान भारतीय पक्ष ने पीएम नरेंद्र मोदी की तरफ से ट्रंप को भारत आने का निमंत्रण दिया था, जिसे अमेरिका जल्द से जल्द हकीकत में बदलना चाहता है।
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने समाचार एजेंसी एएनआई (ANI) से बात करते हुए कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप का यह दौरा नवंबर में होने वाले अमेरिकी मिडटर्म इलेक्शन के दौरान नहीं होगा, बल्कि इसके ठीक बाद यानी अगले साल की शुरुआत में इसे शेड्यूल किया जा रहा है।
'दो पुराने दोस्तों की तरह है मोदी-ट्रंप का रिश्ता'
डोनाल्ड ट्रंप के साथ पिछले 10 वर्षों से जुड़े रहे राजदूत सर्जियो गोर ने प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच के व्यक्तिगत तालमेल की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, 'जब मैंने हाल ही में राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात की, तो हमारी बातचीत का एक बड़ा हिस्सा दो पुराने दोस्तों की तरह था जो पुरानी यादें ताजा कर रहे हों। मैंने उन्हें अपने भारत दौरों और दोनों देशों के बीच बढ़ रहे व्यापारिक संबंधों के बारे में बताया। दोनों तरफ से हर हफ्ते बिजनेस डेलिगेशन आ-जा रहे हैं, जो दोनों देशों के लिए बेहद फायदेमंद है।'
गोर ने यह भी बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप भारत के उभार का बेहद सम्मान करते हैं और पीएम मोदी के नेतृत्व के मुरीद हैं। कुछ समय पहले खुद ट्रंप ने पीएम मोदी को एक 'कड़ा मोलभाव करने वाला' (Tough Negotiator) नेता बताते हुए कहा था कि वे भविष्य में भारत जरूर जाएंगे।
2027 की शुरुआत में आ सकते हैं ट्रंप, दिसंबर में पीएम मोदी जाएंगे US
इससे पहले अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी बात करते हुए संकेत दिए थे कि राष्ट्रपति ट्रंप साल 2027 की शुरुआत में भारत की यात्रा कर सकते हैं। रुबियो ने कहा कि भारत अमेरिका का एक बेहद करीबी और मजबूत साझेदार है। राष्ट्रपति ट्रंप के मुख्य दौरे से पहले, मार्की रुबियो खुद इस साल (2026) के अंत तक भारत का दौरा करेंगे ताकि राष्ट्रपति की यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा सके। दूसरी ओर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिसंबर 2026 में अमेरिका के फ्लोरिडा (मियामी) में होने वाले G20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए अमेरिका जाएंगे। विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने अपनी पिछली भारत यात्रा के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप की तरफ से पीएम मोदी को व्हाइट हाउस आने का औपचारिक न्योता भी दिया था।
'लास्ट इंचेस' पर है भारत-अमेरिका ट्रेड डील
इस हाई-प्रोफाइल दौरे से पहले दोनों देशों के बीच हजारों व्यापारिक वस्तुओं को लेकर चल रही 'ट्रेड डील' भी अपने अंतिम पड़ाव पर है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भरोसा जताया है कि यह समझौता लगभग पूरा होने वाला है और दोनों देश बातचीत के बिल्कुल आखिरी दौर में हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि साल 2020 में अहमदाबाद के मोटेरा स्टेडियम में हुए ऐतिहासिक 'नमस्ते ट्रंप' कार्यक्रम के बाद, ट्रंप का यह आगामी भारत दौरा रक्षा सहयोग, क्रिटिकल टेक्नोलॉजी, सप्लाई चेन और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की सुरक्षा के लिहाज से दोनों देशों के रिश्तों में एक नया मील का पत्थर साबित होगा।
