दुनिया

मैं युद्ध नहीं रुकवाता तो पाकिस्तान के प्रधानमंत्री की हो जाती मौत, स्टेट ऑफ द यूनियन संबोधन में ट्रंप ने क्या-क्या कहा?

2026 के स्टेट ऑफ द यूनियन संबोधन में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दुनियाभर के मुद्दों पर अपनी बात रखी। खास तौर पर अप्रवासियों को लेकर अपने सख्त रुख को फिर सामने रखा। साथ ही एक बार फिर भारत-पाक युद्ध रुकवाने का भी दावा किया..

Image

ट्रंप का स्टेट ऑफ द यूनियन संबोधन

Photo : ANI

2026 State of the Union Address: 2026 के स्टेट ऑफ द यूनियन संबोधन में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दुनियाभर के मुद्दों पर अपनी बात रखी। खास तौर पर अप्रवासियों को लेकर अपने सख्त रुख को फिर सामने रखा। इस दौरान ट्रंप ने एक बार फिर पुराना राग अलापते हुए दावा किया कि उन्होंने ही भारत-पाकिस्तान युद्ध रुकवाया है। ट्रंप ने कहा कि अपने पहले 10 महीनों में मैंने आठ युद्ध समाप्त किए। पाकिस्तान और भारत के बीच परमाणु युद्ध छिड़ जाता। अगर मैं हस्तक्षेप न करता तो पाकिस्तान के प्रधानमंत्री की मौत हो जाती ।

अवैध अप्रवासी अंग्रेजी नहीं बोलते

ट्रंप ने कहा, अधिकांश, बल्कि लगभग सभी, अवैध अप्रवासी अंग्रेजी नहीं बोलते हैं और दिशा, गति, खतरे या स्थान जैसे बुनियादी सड़क संकेतों को भी नहीं पढ़ सकते हैं। इसलिए आज रात मैं कांग्रेस से उस कानून को पारित करने का आह्वान करता हूं जिसे हम 'डेलीला कानून' कहेंगे, जो किसी भी राज्य को अवैध अप्रवासियों को वाणिज्यिक चालक लाइसेंस जारी करने से रोकता है।

'सेव अमेरिका एक्ट' को मंजूरी देने की अपील

ट्रंप ने कहा, मैं आपसे 'सेव अमेरिका एक्ट' को मंजूरी देने का आग्रह करता हूं। अवैध अप्रवासियों और अन्य अनधिकृत व्यक्तियों को हमारे पवित्र अमेरिकी चुनावों में मतदान करने से रोकें। हमारे चुनावों में धांधली व्यापक रूप से फैली हुई है। सभी मतदाताओं को मतदाता पहचान पत्र दिखाना होगा। सभी मतदाताओं को मतदान करने के लिए नागरिकता का प्रमाण दिखाना होगा और बीमारी, विकलांगता, सैन्य सेवा या यात्रा को छोड़कर अब कोई भी फर्जी मेल-इन बैलेट स्वीकार्य नहीं होंगे।

न्यूयॉर्क मेयर ममदानी पर साधा निशाना

2026 के स्टेट ऑफ द यूनियन संबोधन में ट्रंप ने कहा, यहां तक कि न्यूयॉर्क शहर के नए कम्युनिस्ट मेयर भी। मुझे लगता है कि वह एक अच्छे इंसान हैं। नीतियां खराब हैं, लेकिन अच्छे इंसान हैं। उन्होंने अभी कहा कि वे लोगों से बर्फ हटवाना चाहते हैं। लेकिन अगर आप उस नौकरी के लिए आवेदन करते हैं, तो आपको पहचान पत्र के दो मूल दस्तावेज और एक सोशल सिक्योरिटी कार्ड दिखाना होगा। फिर भी वे अमेरिका में सबसे बड़े विशेषाधिकार, मतदान के लिए पहचान पत्र नहीं मांगते।

दावा- पाकिस्तानी प्रधानमंत्री को मरने से बचाया

संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, अपने पहले 10 महीनों में मैंने आठ युद्ध समाप्त किए। पाकिस्तान और भारत के बीच परमाणु युद्ध छिड़ जाता। 3.5 करोड़ लोगों की जान चली जाती, अगर मैं हस्तक्षेप न करता तो पाकिस्तान के प्रधानमंत्री की मौत हो जाती। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने इजराइल-ईरान, थाईलैंड-कंबोडिया, आर्मेनिया-अजरबैजान, इजिप्ट-इथोपिया, कांगो-रवांडा और गाजा में चल रहा युद्ध भी रुकवाया है।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले को बताया दुर्भाग्यपूर्ण

टैरिफ को लेकर सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले का भी ट्रंप ने जिक्र किया। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, सिर्फ चार दिन पहले संयुक्त राज्य अमेरिका के सर्वोच्च न्यायालय का एक दुर्भाग्यपूर्ण फैसला आया है। यह अभी-अभी आया है। बहुत दुर्भाग्यपूर्ण फैसला है, लेकिन अच्छी खबर यह है कि लगभग सभी देश और निगम अपने पहले से किए गए समझौते को बनाए रखना चाहते हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!