रविवार को विमानवाहक पोत यूएसएस निमित्ज (USS Nimitz) से उड़ान भरते समय अमेरिकी नौसेना का एक F-18 लड़ाकू विमान और एक नौसेना का MH-60R सीहॉक हेलीकॉप्टर दक्षिण चीन सागर में अलग-अलग दुर्घटनाग्रस्त हो गए। नौसेना अधिकारियों के अनुसार, दोनों घटनाएं नियमित अभियानों के दौरान अलग-अलग समय पर हुईं। हादसे के बाद आस-पास के जहाजों और विमानों से तुरंत बचाव अभियान शुरू किए गए और सभी चालक दल के सदस्यों को पानी से सुरक्षित निकाल लिया गया।
अमेरिकी नौसेना ने क्या कहा
एक आधिकारिक बयान में अमेरिकी नौसेना ने कहा कि दोनों विमान यूएसएस निमित्ज वाहक समूह से उड़ान भरते समय दुर्घटनाओं का शिकार हुए। बयान में कहा गया है, सभी चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया और यूएसएस निमित्ज स्ट्राइक ग्रुप पूरी तरह से मिशन-सक्षम बना हुआ है।
नौसेना ने घटनाओं की पूरी जांच शुरू कर दी है। शुरुआती रिपोर्ट्स से पता चलता है कि कोई शत्रुतापूर्ण गतिविधि शामिल नहीं था और विमान अलग-अलग तकनीकी या परिचालन संबंधी समस्याओं के कारण हादसे का शिकार हुआ। मलबे का विश्लेषण करने और सटीक कारण निर्धारित करने के लिए नौसेना विमानन सुरक्षा दल भेजे गए हैं।
यूएसएस निमित्ज तनाव वाले क्षेत्र में तैनात
नौसेना के सबसे उन्नत और सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले विमानवाहक पोतों में से एक यूएसएस निमित्ज (सीवीएन-68) वर्तमान में दक्षिण चीन सागर में तैनात है। यह एक ऐसा क्षेत्र है जहां अक्सर सैन्य गतिविधियां और भू-राजनीतिक तनाव देखने को मिलता है। अमेरिकी नौसेना बल अंतर्राष्ट्रीय जलक्षेत्र में नौवहन की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने के लिए अक्सर वहां मिशन चलाते हैं। अमेरिकी नौसेना के एक प्रवक्ता ने कहा कि खोज और बचाव अभियान सफलतापूर्वक पूरा हो गया है और सभी उड़ान कर्मियों का पता लगा लिया गया है।
