US Israel Arab States Secret Military Meeting Germany: ईरान के साथ जारी प्रत्यक्ष सैन्य संघर्ष और मध्य पूर्व (Middle East) में गहराते सुरक्षा संकट के बीच एक बड़ी और गोपनीय रणनीतिक हलचल सामने आई है। संयुक्त राज्य अमेरिका, इजरायल और सात प्रमुख अरब देशों के शीर्ष सैन्य कमांडरों ने पिछले सप्ताह जर्मनी में एक गुप्त बैठक (Private Summit) में भाग लिया।
'एक्सियोस' (Axios) की रिपोर्ट और इजरायली अधिकारियों के अनुसार, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के प्रमुख एडमिरल ब्रैड कूपर द्वारा आयोजित इस उच्च स्तरीय बैठक का उद्देश्य ईरान के खिलाफ जारी युद्ध, लाल सागर में हुती विद्रोहियों के हमलों और क्षेत्रीय सुरक्षा समन्वय को मजबूत करना था।
पहली बार एक साथ आए इजरायल और गैर-कूटनीतिक संबंध वाले अरब देश
अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू किए जाने के बाद से यह अपनी तरह का पहला शीर्ष सैन्य सम्मेलन है:
भागीदार देश: बैठक में इजरायल और अमेरिका के अलावा सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), बहरीन, कुवैत, कतर, जॉर्डन और मिस्र के वरिष्ठ सैन्य प्रतिनिधि शामिल हुए।
रणनीतिक महत्व: इस बैठक का कूटनीतिक महत्व इसलिए भी अत्यधिक बढ़ जाता है क्योंकि भाग लेने वाले कई अरब देशों के इजरायल के साथ औपचारिक राजनयिक संबंध नहीं हैं। इसके बावजूद, ईरान के साझा खतरे से निपटने के लिए सभी एक मंच पर आए।
मध्य पूर्व में बनी रहेगी अमेरिकी सेना, 'होर्मुज जलडमरूमध्य' पर विशेष रणनीति
बैठक के दौरान CENTCOM प्रमुख और इजरायली रक्षा बल (IDF) के प्रमुख ने महत्वपूर्ण रणनीतिक जानकारी साझा की:
अमेरिकी प्रतिबद्धता: एडमिरल ब्रैड कूपर ने सभी अरब कमांडरों को आश्वस्त किया कि अमेरिकी ठिकानों पर लगातार हो रहे ईरानी हमलों के बावजूद अमेरिका मध्य पूर्व से अपनी सेना वापस नहीं बुलाएगा।
हार्मोज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz): वाशिंगटन ने होर्मुज जलडमरूमध्य के माध्यम से समुद्री व्यापार और जहाजों की सुरक्षित आवाजाही को बढ़ावा देने की अपनी रणनीतिक योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
IDF की रिपोर्ट: इजरायली सेना के चीफ ऑफ स्टाफ जनरल इयाल जमीर ने विभिन्न मोर्चों पर जारी इजरायली सैन्य अभियानों की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
हुती विद्रोहियों के खिलाफ सऊदी अरब को इजरायल देगा खुफिया मदद
2020 के अब्राहम अकॉर्ड्स (Abraham Accords) के बाद से इजरायल और अरब देशों के बीच वायु व मिसाइल रक्षा के क्षेत्र में सहयोग काफी बढ़ा है:
UAE में आयरन डोम: रिपोर्ट के मुताबिक, युद्ध के दौरान इजरायल ने यूएई में अपनी 'आयरन डोम' (Iron Dome) वायु रक्षा प्रणाली तैनात की है और उसे खुफिया व निगरानी (ISR) सहायता भी दी है।
सऊदी अरब के साथ वार्ता: बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य में हुती विद्रोहियों के बढ़ते नियंत्रण को देखते हुए, CENTCOM की मध्यस्थता में इजरायल और सऊदी अरब के बीच हुतियों के खिलाफ सैन्य अभियानों में इजरायली खुफिया और निगरानी सहायता प्रदान करने पर चर्चा चल रही है।
