US Iran War: अमेरिका और ईरान के बीच जारी सैन्य संघर्ष बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर फेक न्यूज फैलाने का आरोप लगया है। ट्रंप ने कहा कि ईरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से बनाए गए नकली वीडियो के जरिए यह झूठा प्रचार कर रहा है कि उसकी सेना अमेरिकी सैनिकों को भारी नुकसान पहुंचा रही है।
ट्रंप ने अपने बयान में कहा कि ईरान लंबे समय से मीडिया को प्रभावित करने और झूठे प्रचार फैलाने में माहिर रहा है। उनके मुताबिक, सैन्य रूप से ईरान कमजोर है, लेकिन वह “फेक न्यूज मीडिया” को झूठी जानकारी देकर दुनिया में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है।
एआई वीडियो से झूठ फैलाने का आरोप
ट्रंप ने दावा किया कि ईरान AI तकनीक का इस्तेमाल करके ऐसे वीडियो बना रहा है, जिनमें कथित तौर पर ईरानी ‘कामीकाजे बोट्स’ समुद्र में जहाजों पर हमला करती दिखाई जाती हैं। उन्होंने कहा कि असल में ऐसी कोई नाव मौजूद ही नहीं है और यह पूरी तरह से फर्जी प्रचार है।
उन्होंने यह भी कहा कि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि अमेरिका के पांच रिफ्यूलिंग विमानों को मार गिराया गया या उन्हें भारी नुकसान हुआ, लेकिन यह भी गलत है। ट्रंप के मुताबिक, सभी विमान सेवा में हैं और सिर्फ एक विमान की मरम्मत चल रही है।
USS Abraham Lincoln को लेकर भी दावा
ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान और कुछ मीडिया संस्थानों ने मिलकर यह झूठा वीडियो फैलाया कि अमेरिकी विमानवाहक पोत USS Abraham Lincoln समुद्र में जल रहा है। उन्होंने कहा कि न तो जहाज पर हमला हुआ और न ही उसमें आग लगी।
मीडिया पर तीखा हमला
ट्रंप ने अमेरिकी मीडिया पर भी तीखा हमला करते हुए कहा कि कुछ मीडिया संस्थान जानबूझकर झूठी खबरें फैलाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी संस्थाओं के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए और इसे देशद्रोह तक माना जा सकता है।
नेतन्याहू की मौत की अफवाहों ने पकड़ा था जोर
पिछले करीब एक सप्ताह से सोशल मीडिया पर बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। सार्वजनिक कार्यक्रमों में उनकी अनुपस्थिति को लेकर भी सवाल उठने लगे थे। इसी दौरान एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें उनकी एक तस्वीर में छह उंगलियां होने का दावा किया गया। कुछ लोगों ने इस तस्वीर को एडिटेड या आर्टिफिशियल बताते हुए उनकी मौत की अफवाहों को और बढ़ावा दे दिया।
वीडियो में मजाकिया अंदाज में दिया जवाब
हालांकि रविवार को सामने आए एक नए वीडियो में नेतन्याहू बिल्कुल सामान्य नजर आए। वीडियो में वह एक दुकान पर कॉफी लेते हुए दुकानदार को धन्यवाद देते दिखाई देते हैं। जब कैमरा पकड़ रहे व्यक्ति ने उनसे कहा कि कुछ चैनल उनकी मौत की खबरें चला रहे हैं, तो उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में जवाब दिया, “मैं तो सिर्फ कॉफी के लिए मर रहा हूं।” इसके बाद वह हंसते हुए कहते हैं कि उन्हें अपने लोगों से बहुत प्यार है और उन्होंने देश के नागरिकों के व्यवहार की भी सराहना की।
