US Iran War: पिछले एक महीने से अमेरिका-ईरान युद्ध जारी है। मिडिल ईस्ट में अशांति लगातार बढ़ती जा रही है। समझौते की उम्मीद तो दूर युद्ध हर बीते वक्त के साथ और भीषण होता जा रहा है। इसी बीच ईरान ने शुक्रवार को अमेरिका का एक एफ-15ई लड़ाकू विमान मार गिराया और दूसरा अमेरिकी ए-10 विमान को मार गिराया।
इस विमान के एक पायलट को अमेरिका ने बचा लेने का दावा किया, लेकिन दूसरे पायलट के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इस हमले के बाद ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद-बाकर गालिबाफ (Mohammad-Bagher Ghalibaf) ने अमेरिकी लड़ाकू विमान गिराए जाने के बाद लापता पायलट की तलाश को लेकर अमेरिका पर तंज कसा है।
ईरानी संसद स्पीकर ने ट्रंप पर कसा तंज
इसी बीच ईरान की तरफ से इस पूरे घटनाक्रम पर तंज कसा गया। संसद स्पीकर ने तंज भरे अंदाज में कहा, “क्या कोई हमारे पायलट्स को ढूंढ सकता है?” इस बयान के जरिए उन्होंने अमेरिकी सेना की स्थिति पर सवाल उठाए और इसे लेकर सार्वजनिक रूप से मजाक उड़ाया।
उन्होंने एक्स पर लिखा, "ईरान को लगातार 37 बार हराने के बाद, उनके द्वारा शुरू किया गया यह शानदार, रणनीतिहीन युद्ध अब 'सत्ता परिवर्तन' से घटकर 'अरे! क्या कोई हमारे पायलटों को ढूंढ सकता है? में सिमट गया है।" इसके बाद उन्होंने आगे कहा, "वाह! क्या जबरदस्त प्रगति है। बिलकुल जीनियस हैं।"
पायलट पर ईरान ने रखा इनाम
ईरान की सरकारी मीडिया ने इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के हवाले से कहा है कि इस लापता पायलट को लाने वाले या इसे पकड़ने में मदद देने वाले को 60,000 डॉलर का इनाम दिया जाएगा।
ईरान की सरकारी मीडिया ने शुक्रवार को दावा किया कि अमेरिका के एक पायलट की या तो मौत हो गई है या उसे देश में पकड़ लिया गया है। अमेरिका एयरक्रॉफ्ट के मार गिराने के ईरान के दावे और एक लापता पायलट के बारे में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड टंप ने अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। हालांकि, इस बारे में उन्हें बता दिया गया है।
