दुनिया

ट्रंप प्रशासन की एक और कार्रवाई, अब ईरान के गृहमंत्री पर लगाए प्रतिबंध; विरोध प्रदर्शनों को दबाने का आरोप

Iran Protest: अमेरिका के ट्रंप प्रशासन ने एक और कार्रवाई की है। इस बार ट्रंप प्रशासन ने ईरान के गृह मंत्री एस्कंदर मोमेनी पर प्रतिबंध लगाए। इससे पहले यूरोपीय संघ ने मोमेनी के साथ-साथ ईरान की न्यायिक प्रणाली के सदस्यों और अन्य उच्च पदस्थ अधिकारियों के खिलाफ प्रतिबंध लगाए थे।

Image

अमेरिका ने ईरान के गृहमंत्री पर लगाए प्रतिबंध

Photo : iStock

Iran Protest: अमेरिका के ट्रंप प्रशासन ने शुक्रवार को ईरान के गृह मंत्री एस्कंदर मोमेनी पर प्रतिबंध लगाए। उन पर पूरे देश में विरोध प्रदर्शनों को दबाने का आरोप लगाया गया है, जिनमें तेहरान की धार्मिक नेतृत्व वाली सरकार को चुनौती दी गई थी। ये पाबंदियां दमनकारी कार्रवाई को लेकर उच्च पदस्थ अधिकारियों को निशाना बनाते हुए अमेरिका और यूरोपीय संघ द्वारा की गई नवीनतम कार्रवाई हैं।

ट्रंप प्रशासन ने क्या कुछ कहा?

ट्रंप प्रशासन का कहना है कि मोमेनी ने ईरान के उन कानून लागू करने वाले सुरक्षा बलों की निगरानी की है, जो हजारों शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों की मौत के लिए जिम्मेदार हैं। ईरान में आर्थिक संकट के कारण दिसंबर के उत्तरार्द्ध में प्रदर्शन शुरू हुए, जो बाद में इस्लामी गणराज्य के लिए एक चुनौती में बदल गए। इसके बाद दमनकारी कार्रवाई शुरू हुई। कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस कार्रवाई में 6,000 से अधिक लोग मारे गए हैं। ईरानी अधिकारी और सरकारी मीडिया बार-बार प्रदर्शनकारियों को ‘आतंकवादी’ बता रहे हैं।

EU भी लगा चुका है प्रतिबंध

यूरोपीय संघ ने गुरुवार को मोमेनी के साथ-साथ ईरान की न्यायिक प्रणाली के सदस्यों और अन्य उच्च पदस्थ अधिकारियों के खिलाफ प्रतिबंध लगाए। यूरोपीय संघ ने कहा, ‘‘वे सभी शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शनों के हिंसक दमन और राजनीतिक कार्यकर्ताओं और मानवाधिकार रक्षकों की मनमानी गिरफ्तारी में शामिल थे।’’

यूरोपीय संघ ने रिवॉल्यूशनरी गार्ड को किया ब्लैक लिस्ट

यूरोपीय संघ ने ईरान के अर्धसैनिक बल ‘रिवॉल्यूशनरी गार्ड’ को आतंकवादी संगठन की सूची में शामिल करने पर सहमति जताई है, जो काफी हद तक एक प्रतीकात्मक कदम है तथा तेहरान पर दबाव को और बढ़ाएगा। अमेरिका द्वारा लगाए गए नवीनतम प्रतिबंधों में राष्ट्रीय सुरक्षा की सर्वोच्च परिषद के सचिव का नाम भी शामिल है, जिन पर अमेरिकी वित्त विभाग ने ईरानी प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हिंसा का आह्वान करने वाले शुरुआती अधिकारियों में से एक होने का आरोप लगाया है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article