दुनिया

'रिलीज इमरान खान फोर्स' पर पाकिस्तान में मचा है बवाल, क्या चली जाएगी खैबर पख्तूनख्वा के सीएम की कुर्सी?

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी द्वारा घोषित ‘रिलीज इमरान खान फोर्स’ को असंवैधानिक और अवैध बताया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान मुख्यमंत्री की कुर्सी को खतरे में डाल सकते हैं।

Image

ख्वाजा आसिफ और खैबर पख्तूनख्वा के सीएम सोहेल अफरीदी।

पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान के समर्थक और खैबर पख्तूनख्वा के सीएम सोहेल अफरीदी की कुर्सी खतरे में दिखाई दे रही है। रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने सोहेल को सीधी चेतावनी दी है कि उनके बयानों के कारण उनकी कुर्सी जा सकती है। दरअसल, सोहेल अफरीदी ने इमरान खान की रिहाई के लिए 'रिलीज इमरान खान फोर्स'बनाने की बात कही थी। जिसपर अब ख्वाजा आसिफ की चेतावनी आई है। उन्होंने न सिर्फ रिलीज इमरान खान फोर्स को असंवैधानिक और अवैध बताया है, बल्कि कुर्सी को लेकर भी चेता दिया है।

सामा न्यूज से बातचीत में ख्वाजा आसिफ ने कहा कि उन्हें ऐसे बयान नहीं देने चाहिए। मुझे लगता है कि उनकी नौकरी खतरे में है और सोहेल इस तरह के बयान देकर केवल अपनी स्थिति मजबूत करना चाहते हैं। आसिफ ने शुक्रवार को जियो न्यूज से भी बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री ने अपनी कुर्सी बचाने के लिए 'इमरान खान रिलीफ फोर्स' की घोषणा की है। आसिफ ने साफ भी किया कि संघीय सरकार के अलावा किसी को भी कोई बल बनाने का अधिकार नहीं है। रक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि पीटीआई संस्थापक को विदेश या इस्लामाबाद के बाहरी इलाके में स्थित खान के आवास बानी गाला में स्थानांतरित करने के बारे में कभी कोई चर्चा नहीं हुई थी। उन्होंने कहा कि शायद सुविधाओं के संबंध में बातचीत हुई होगी,कुछ लोग इस तरह की बातों के जरिए अपना धंधा चलाना चाहते हैं।

दरअसल, 18 फरवरी को संसद भवन के बाहर बहुदलीय विपक्षी गठबंधन तहरीक तहफ्फुज-ए-आइएीन पाकिस्तान (TTAP) और पीटीआई के विधायकों द्वारा कई दिनों से जारी धरना समाप्त किए जाने के बाद मुख्यमंत्री अफरीदी ने ‘रिलीज इमरान खान फोर्स’ की घोषणा की थी। सुप्रीम कोर्ट के बाहर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, अफ़रीदी ने कहा कि उन्हें जेल में बंद पीटीआई संस्थापक द्वारा "सड़क आंदोलन" का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि अदालती आदेशों को कूड़ेदान में फेंका जा रहा है। इतना ही नहीं उन्होंने यह दावा भी किया कि पीटीआई संस्थापक अध्यक्ष को अभी भी उनके निजी डॉक्टरों से मिलने नहीं दिया जा रहा है।

73 वर्षीय पूर्व क्रिकेटर से राजनेता बने इमरान खान 5 अगस्त 2023 से जेल में हैं। उन्हें एक भ्रष्टाचार मामले में 14 वर्ष की सजा सुनाई जा चुकी है, जबकि कई अन्य मामले विभिन्न अदालतों में लंबित हैं।रक्षा मंत्री की टिप्पणी के बाद पाकिस्तान की राजनीति में एक बार फिर केंद्र और खैबर पख्तूनख्वा सरकार के बीच टकराव की स्थिति बनती दिख रही है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article