संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने बुधवार को अमेरिका और इजरायल पर तीखा हमला बोला। उन्होंने अपने भाषण में ईरान पर हुए हमलों का जिक्र करते हुए बच्चों की तस्वीरें भी दिखाईं। पेजेश्कियन ने आरोप लगाया कि अमेरिकी और इजरायली हथियारों से किए गए हमलों में निर्दोष लोगों की जान गई।
अपने संबोधन के दौरान ईरानी राष्ट्रपति ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के ईरान को लेकर दिए बयान पर पलटवार किया। पेजेशकियान ने कहा कि ईरान को आतंकवादी बताने के बजाय यह देखा जाना चाहिए कि उनका देश खुद आतंकवाद का शिकार रहा है। उन्होंने अमेरिका और इजरायल पर ईरानी क्षेत्र में हमले करने का आरोप लगाया।
बच्चों की तस्वीरें दिखाकर कही अपनी बात
ईरानी राष्ट्रपति ने अपने भाषण के दौरान मारे गए बच्चों की तस्वीरें भी दिखाईं। उन्होंने कहा कि ये बच्चे निर्दोष थे और उन्होंने कोई अपराध नहीं किया था। पेजेशकियान ने आरोप लगाया कि इन हमलों में अमेरिका और इजरायल के हथियारों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि ईरान खुद आतंकवाद का शिकार रहा है। उन्होंने कहा कि युद्ध का विस्तार किसी समस्या का समाधान नहीं करेगा और फिलिस्तीन का मुद्दा अब भी एक खुला घाव है।ईरानी राष्ट्रपति ने मिनाब स्कूल हमले के पीड़ितों की तस्वीरें सदन में दिखाते हुए कहा कि मैं ऐसे ईरान से आता हूं जहां हमारे सम्मानित सर्वोच्च नेता की बिना किसी कानूनी आधार या कारण के हत्या कर दी गई।”
‘हमने पूरी ताकत से अपना बचाव किया’
पेजेशकियान ने कहा कि ईरान के निर्दोष नागरिक हमलों का निशाना बने और उनके देश ने अपनी रक्षा के लिए पूरी ताकत का इस्तेमाल किया। पेजेशकियान ने कहा कि ईरान ने अपनी रक्षा के लिए पूरी ताकत से जवाब दिया, लेकिन नागरिक आबादी को निशाना नहीं बनाया। उन्होंने दावा किया कि हमलों में विश्वविद्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों, स्कूलों और अस्पतालों को निशाना बनाया गया। उनके मुताबिक, ईरान केवल स्वतंत्र रूप से जीना चाहता है और अपनी रक्षा करने के लिए ताकत जरूरी है।
