Russia Ukraine War: यूक्रेन ने बुधवार रात ड्रोन हमले कर रूस के अंदरुनी इलाके में तेल रिफाइनरी को निशाना बनाया, जिससे उसमें आग लग गई और धुएं का गुबार देखा गया। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने गुरुवार को यह दावा किया। यूक्रेन द्वारा रूस के महत्वपूर्ण तेल उद्योग पर लंबी दूरी तक मार करने वाले हथियारों से हमला करने की यह नवीनतम घटना है।
वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर कथित हमले का एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि ड्रोन ने रूस के अंदर 800 किलोमीटर से अधिक दूर स्थित सिज़रान तेल रिफाइनरी को निशाना बनाया। जेलेंस्की द्वारा साझा किए गए वीडियो की टाइम्स नाउ नवभारत पुष्टि नहीं करता है।
ड्रोन हमले में दो की मौत
वहीं, रूस के समारा क्षेत्र के गवर्नर व्याचेस्लाव फेडोरिश्चेव ने कहा कि सिज़रान में यूक्रेनी ड्रोन हमले में दो लोग मारे गए, लेकिन उन्होंने रिफाइनरी का जिक्र नहीं किया। रूस के एस्ट्रा समाचार संस्थान ने कहा कि यूक्रेन ने ड्रोन से तेल और गैस क्षेत्र की दिग्गज कंपनी रोसनेफ्ट के स्वामित्व वाली सिज़रान रिफाइनरी पर हमला किया। यूक्रेन ने एक दिन पहले भी रूस की एक अन्य रिफाइनरी को निशाना बनाने का दावा किया था।
रूस ने 121 यूक्रेनी ड्रोन किए तबाह
जेलेंस्की ने कहा कि रूसी तेल संपत्तियों पर हमले लगभग दैनिक घटनाएं बन गए हैं, क्योंकि यह आक्रमण के वित्तपोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि बुधवार देर रात से गुरुवार तड़के हवाई रक्षा बलों ने यूक्रेन के 121 ड्रोन मार गिराए।
क्षेत्रीय गवर्नर अलेक्जेंडर शुवायेव के अनुसार, यूक्रेन की सीमा से लगे बेलगोरोड क्षेत्र में यूक्रेनी ड्रोन हमलों में आठ लोग घायल हो गए। यूक्रेन की वायु सेना ने गुरुवार को दावा किया कि उसने रूस द्वारा रात को किये गए 116 ड्रोन हमलों में से 109 को नाकाम कर दिया। यूक्रेन की आपातकालीन सेवा ने बताया कि देश के उत्तर, दक्षिण और पूर्व में हुए हमलों में एक नागरिक की मौत हो गई और कम से कम छह अन्य घायल हो गए।
