दुनिया

दंगे की आग में जल रहे ब्रिटेन के कई शहर, 3 बच्चियों की हत्या के बाद अप्रवासियों के खिलाफ हो रहे हिंसक प्रदर्शन

UK Protest: इंग्लैंड के डांस वर्कशॉप में हुई 3 बच्चियों की हत्या के बाद फिर से हिंसा भड़क उठी है और कुछ दुकानों को आग के हवाले कर दिया गया। इस हिंसा में अभी तक कई लोग घायल हो गए है।

Image

3 बच्चियों की हत्या के बाद अप्रवासियों के खिलाफ ब्रिटेन में हो रहे हिंसक प्रदर्शन

Photo : Twitter

UK Protest: ब्रिटेन के कई शहरों में एक बार फिर हिंसक प्रदर्शन शुरू हो गए हैं जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इसे ब्रिटेन में पिछले 13 साल में सबसे बड़ा दंगा बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, हिंसा की यह आग तब भड़की जब उत्तर-पश्चिमी इंग्लैंड में तीन बच्चियों की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी। हिंसा के जो वीडियो सामने आए हैं उनमें प्रदर्शनकारियों को लिवरपूल में एक दुकान को निशाना बनाते हुए देखा जा सकता है। कुछ दंगाइयों ने दुकान की खिड़की पर लात मारी और डंडे से पीटा, जबकि अन्य ने चिल्लाते हुए उसका शटर खोलने का प्रयास किया।

पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई हिंसक झड़प

जानकारी के मुताबिक, स्टोक-ऑन-ट्रेंट में, अधिकारियों पर ईंटें फेंकी गईं हैं और प्रवासियों के आवास वाले एक होटल की खिड़कियों को तोड़ दिया गया। लिवरपूल में, एक पुलिस अधिकारी को उसकी मोटरसाइकिल से गिरा दिया गया। बेलफास्ट, मैनचेस्टर और नॉटिंघम में भी हाथापाई की खबरें सामने आ रही हैं। हिंसा के बीच पूर्वी तट के शहर हल में एक जूते की दुकान में आग लगा दी गई, जबकि दक्षिण-पश्चिमी शहर ब्रिस्टल में घुड़सवार पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़प हुई है।

हल में तैनात अधिकारियों ने बताया कि चार लोगों को गिरफ्तार किया गया और बोतलें फेंके जाने वाले विरोध प्रदर्शनों से निपटने के दौरान तीन अधिकारी घायल हो गए। बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारी सोशल मीडिया पर फैलाई गई इस अफवाह से भड़के हुए थे कि सोमवार को चाकूबाजी की घटना में शामिल आरोपी इस्लाम से जुड़ा था। हालांकि, अधिकारियों ने बताया कि 17 साल का संदिग्ध चाकूबाज, जिसे हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है, उसका इस्लाम से कोई संबंध नहीं है, लेकिन इसके बावजूद अप्रवासी विरोधी और मुस्लिम विरोधी प्रदर्शनकारी रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं और लगातार विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। हिंसक प्रदर्शनों के दौरान आगजनी और लूटपाट भी जमकर हो रही है।

आरोपी रुदाकुबाना पर दर्ज है कई मामले

आरोपी रुदाकुबाना पर 9 वर्षीय एलिस डेसिल्वा अगुइर, 7 वर्षीय एल्सी डॉट स्टैनकॉम्ब और 6 वर्षीय बेबे किंग की हत्या का आरोप है। इसके अलावा उस पर हत्या के प्रयास के 10 मामले भी दर्ज हैं। लिवरपूल पुलिस ने शनिवार को बताया कि शहर के केंद्र में पैदा हुई गंभीर अव्यवस्था को संभालने के दौरान कई अधिकारी घायल हुए हैं। वहीं हल में बोतल फेंकने से जुड़े विरोध प्रदर्शनों को संभालने के दौरान चार लोगों को गिरफ्ताक किया गया और तीन अधिकारी घायल हो गए।

पुलिस ने देश भर में मस्जिदों को अपनी सुरक्षा बढ़ाने की सलाह दी गई है, और पुलिस ने अतिरिक्त अधिकारियों के साथ अपनी मौजूदगी बढ़ा दी है। प्रदर्शनकारी बस बहुत हो गया, हमारे बच्चों को बचाओ और नावों को रोको जैसे नारे लगा रहे है। इसके अलावा कई विरोध प्रदर्शन ऑनलाइन भी आयोजित किए गए हैं। पिछले हफ्ते हुई हिंसा में 39 पुलिस अधिकारी जख्मी हुए थे, जिसमें से 27 को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आठ पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटें आई थी।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article