दुनिया

Los Angeles Earthquake: 'लैंडिंग रोककर वापस जाओ, भूकंप आया है...', रनवे पर उतरने ही वाला था विमान, तभी कांप उठी धरती

अमेरिका के लॉस एंजिल्स में 5.0 तीव्रता के भूकंप के दौरान डेल्टा एयरलाइंस की फ्लाइट 1972 की लैंडिंग रोकनी पड़ी। विमान रनवे पर उतरने ही वाला था, तभी एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने पायलट को 'गो अराउंड' का निर्देश दिया। विमान बाद में सुरक्षित लैंड हुआ। भूकंप के झटकों से एयरपोर्ट के कुछ हिस्सों को भी नुकसान पहुंचा।

Image

अमेरिका में भूकंप के बीच टली विमान की लैंडिंग। AP

Photo : AP

Los Angeles Earthquake: अमेरिका के लॉस एंजिल्स में आए 5.0 तीव्रता के भूकंप ने उस वक्त लोगों की सांसें रोक दीं, जब लैंडिंग के लिए रनवे की ओर बढ़ रहे एक यात्री विमान को अचानक वापस हवा में उड़ना पड़ा। भूकंप के झटकों के बीच एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने पायलट को तुरंत लैंडिंग रोकने और विमान को ऊपर ले जाने का निर्देश दिया। इस पूरी घटना का खौफनाक वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।

यह घटना शनिवार, 28 नवंबर की सुबह लॉस एंजिल्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट (LAX) पर हुई। दरअसल, डेल्टा एयरलाइंस (Delta Air Lines) की फ्लाइट संख्या 1972 रनवे पर उतरने की तैयारी कर रही थी। विमान लैंडिंग के बेहद करीब था, तभी दक्षिणी कैलिफोर्निया में 5.0 तीव्रता का भूकंप आया।

एयरपोर्ट पर लगे लाइवस्ट्रीम कैमरे में उस वक्त की तस्वीरें कैद हो गईं। भूकंप के झटकों से कैमरा हिलने लगा और आसपास कारों के अलार्म बजने लगे। इसी दौरान एयर ट्रैफिक कंट्रोलर ने पायलट को निर्देश दिया, "डेल्टा 1972, "लैंडिंग रोकिए और विमान को वापस ऊपर ले जाइए... यहां बहुत तेज भूकंप आया है।" इसका मतलब था कि विमान को तुरंत लैंडिंग रोककर दोबारा हवा में ऊपर जाना होगा। पायलट ने निर्देश का पालन किया और विमान रनवे पर उतरने के बजाय वापस आसमान में चला गया।

5.0 तीव्रता के भूकंप से हिल उठा लॉस एंजिल्स

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, भूकंप शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे आया। इसका केंद्र मैनहट्टन बीच (Manhattan Beach) से लगभग 5 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में सांता मोनिका बे के नीचे था। भूकंप की गहराई करीब 12 से 13 किलोमीटर बताई गई। भूकंप के झटके लॉस एंजिल्स के कई इलाकों में महसूस किए गए। यहां तक कि एयरपोर्ट के अंदर भी काफी हलचल देखने को मिली। कुछ जगहों पर छत की टाइलें नीचे गिर गईं, जबकि टर्मिनल के एक हिस्से में कांच टूटने की खबरें भी सामने आईं।

सुरक्षित उतरा विमान, 1 घंटे से ज्यादा हुई देरी

भूकंप के कारण लैंडिंग रोकने के बाद डेल्टा एयरलाइंस का विमान दोबारा चक्कर लगाकर एयरपोर्ट की तरफ लौटा। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, विमान ने सुबह करीब 10:01 बजे सुरक्षित लैंडिंग की और अपने गेट तक पहुंचा। इस घटना के चलते फ्लाइट अपने निर्धारित समय से करीब 1 घंटा 13 मिनट देरी से पहुंची।

भूकंप के बाद कई आफ्टरशॉक्स, सुनामी का खतरा नहीं

मुख्य भूकंप के बाद दक्षिणी कैलिफोर्निया के तटीय इलाकों में कई आफ्टरशॉक्स (Aftershocks) भी दर्ज किए गए। लॉस एंजिल्स फायर डिपार्टमेंट ने शहर के अलग-अलग इलाकों में नुकसान का आकलन करने के लिए टीमें तैनात कीं। लॉस एंजिल्स की मेयर करेन बास ने लोगों से संभावित आफ्टरशॉक्स को लेकर सतर्क रहने की अपील की। वहीं, अमेरिकी सुनामी चेतावनी केंद्र ने स्पष्ट किया कि इस भूकंप के बाद सुनामी का कोई खतरा नहीं है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article