दुनिया

'बांग्लादेश के लोगों को सहनी पड़तीं पाकिस्तानी जूतों की ठोकरें', पूर्व PM शेख हसीना का विस्फोटक बयान

Bangladesh News: अगस्त 2024 में छात्र नेतृत्व वाले हिंसक विद्रोह के बाद हसीना की सरकार गिर गई थी। इसके बाद उन्होंने बांग्लादेश छोड़ दिया था। तब से वह भारत में रह रही हैं।​ हसीना का यह बयान ऐसे समय आया है, जब बांग्लादेश में फिर से हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं।

Image

शेख हसीना (फोटो साभार- PTI)

Bangladesh News: बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना ने एक बार फिर बड़ा बयान देकर सियासी हलचल तेज कर दी है। हसीना ने कहा है कि स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के बिना बांग्लादेश कभी आजाद नहीं हो पाता। अगर देश स्वतंत्र नहीं हुआ होता, तो वहां के लोगों को पाकिस्तानी सैनिकों के जूतों की ठोकरें सहनी पड़तीं। हसीना ने शनिवार को जूम के जरिए ऑडियो संबोधन दिया। बांग्लादेश अवामी लीग की लाइव श्रृंखला ‘दयामुक्ति’ के 98वें एपिसोड में उन्होंने यह बात कही।

शेख हसीना के बयान से सियासी हलचल तेज

दरअसल, अगस्त 2024 में छात्र नेतृत्व वाले हिंसक विद्रोह के बाद हसीना की सरकार गिर गई थी। इसके बाद उन्होंने बांग्लादेश छोड़ दिया था। तब से वह भारत में रह रही हैं। हसीना का यह बयान ऐसे समय आया है, जब बांग्लादेश में फिर से हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं। हाल ही में हसीना ने 16 दिसंबर को स्वदेश लौटने की घोषणा की है। बांग्लादेश 1971 के ‘मुक्ति संग्राम’ में पाकिस्तान पर जीत की वर्षगांठ इसी दिन मनाता है। इस मुक्ति संग्राम का नेतृत्व हसीना के पिता शेख मुजीबुर रहमान ने किया था।

यह बयान ऐसे अहम समय पर भी आया है, जब हसीना अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता फिर से स्थापित करने की कोशिश करती दिख रही हैं। विश्लेषकों के मुताबिक, वह खुद को एक साहसी नेता के रूप में पेश करके सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की सरकार को मुश्किल में डालने की कोशिश कर रही हैं। वह यह संदेश देना चाह रही हैं कि वह जेल जाने या मौत का सामना करने के लिए भी तैयार हैं। इसके साथ ही वह अपनी पार्टी अवामी लीग के सहयोगियों और समर्थकों के साथ एकजुटता भी दिखा रही हैं।

प्रशासन के खिलाफ एकजुट होने की अपील

लोगों से प्रशासन के खिलाफ एकजुट होने की अपील करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, हमें उनके खिलाफ एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए। अगर हमें जीना है तो सम्मान के साथ जीना होगा। किसी व्यक्ति या समूह का नाम लिए बिना हसीना ने कहा, आज वे स्वतंत्रता सेनानियों को एक-एक करके खत्म कर रहे हैं। उन्होंने प्रताड़ना और हिरासत में मौतों का आरोप लगाते हुए कहा कि कैदियों को दवाइयां और चिकित्सा उपचार नहीं दिया जा रहा है। उन्हें और ज्यादा प्रताड़ित किया जा रहा है। स्वतंत्रता सेनानियों के साथ हो रहे व्यवहार पर सवाल उठाते हुए हसीना ने कहा, इससे ज्यादा जघन्य और क्या हो सकता है?

हसीना ने आरोप लगाया कि एक स्वतंत्रता सेनानी की हत्या कर उसके शव को पेड़ से लटका दिया गया। हालांकि, उन्होंने इस बारे में कोई खास जानकारी नहीं दी। हसीना ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के बिना बांग्लादेश आजाद नहीं हो पाता। यदि देश स्वतंत्र नहीं हुआ होता, तो वहां के लोगों को पाकिस्तानी सेना की बर्बरता सहनी पड़ती।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article