UK में ‘ब्रिटिश FBI’ की तैयारी: क्यों बदली जा रही है पूरी पुलिस व्यवस्था और क्या बदलेगा आम लोगों के लिए?
- Edited by: शिव शुक्ला
- Updated Jan 25, 2026, 09:20 PM IST
ब्रिटेन की सरकार इस हफ्ते एक बड़े पुलिस सुधार की घोषणा करने जा रही है। ‘ब्रिटिश FBI’ के नाम से नई राष्ट्रीय पुलिस फोर्स बनाने की सरकार की योजना है। यह पुलिस फोर्स आतंकवाद, साइबर क्राइम और संगठित अपराध पर फोकस करेगी। इस योजना के बाबत कल संसद में प्रस्ताव पेश किया जाएगा।
ब्रिटेन की पुलिसिंग में होने जा रहा सबसे बड़ा बदलाव।
ब्रिटेन की पुलिस व्यवस्था जल्द ही अपने अब तक के सबसे बड़े सुधार के दौर में प्रवेश करने वाली है। सरकार इस हफ्ते एक नई राष्ट्रीय पुलिस एजेंसी के गठन की घोषणा करने जा रही है, जिसे अनौपचारिक तौर पर ‘ब्रिटिश FBI’ कहा जा रहा है। इसका मकसद देश में बढ़ते जटिल और तकनीक-आधारित अपराधों से अधिक प्रभावी ढंग से निपटना है। यह नई संस्था आतंकवाद, धोखाधड़ी, ऑनलाइन बाल यौन शोषण, संगठित अपराध और अंतरराष्ट्रीय आपराधिक गिरोहों जैसी जटिल जांचों की जिम्मेदारी संभालेगी।
अलग सदी के लिए बनाई गई थी मौजूदा व्यवस्था
शबाना महमूद का कहना है कि मौजूदा पुलिस व्यवस्था 'एक अलग सदी के लिए बनाई गई थी' और चूंकि अब समय के साथ साथ नई तकनीक आईं हैं साथ ही अपराध के भी नए तरीके अपनाए जा रहे हैं ऐसे में नई व्यस्था लाने की जरूरत है। इंग्लैंड और वेल्स की 43 स्थानीय पुलिस फोर्स पहले ही रोजमर्रा के अपराधों जैसे चोरी, मारपीट और सड़कों पर होने वाले एक्सीडेंट आदि के चलते दबाव में हैं। ऐसे में उनसे साइबर क्राइम या अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध जैसी जटिल चुनौतियों से निपटने की उम्मीद करना व्यावहारिक नहीं है। उनका दावा है कि यह नया ढांचा इंग्लैंड और वेल्स की 43 स्थानीय पुलिस फोर्स पर से बोझ कम करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि नई राष्ट्रीय एजेंसी न केवल विश्वस्तरीय प्रतिभाओं को आकर्षित करेगी, बल्कि एकीकृत खरीद प्रणाली के जरिए खर्चों पर भी नियंत्रण रखने में मदद करेगी।
सरकार के मुताबिक प्रस्तावित नेशनल पुलिस सर्विस के तहत मौजूदा कई एजेंसियों को एक ही ढांचे में लाया जाएगा। इसमें आतंकवाद और संगठित अपराध से निपटने वाली इकाइयां, पुलिस हेलिकॉप्टर सेवाएं, सड़क पुलिसिंग और इंग्लैंड-वेल्स की क्षेत्रीय संगठित अपराध इकाइयों को शामिल किया जाएगा। ब्रिटेन की गृह मंत्री शबाना महमूद ने इस बारे में विस्तार से जानकारी दी।
सोमवार को संसद में पेश होगा प्रस्ताव
सरकार सोमवार को संसद में इस योजना का पूरा खाका पेश करेगी। प्रस्तावित बदलावों में इंग्लैंड और वेल्स में पुलिस बलों की संख्या घटाना और पुलिस अधिकारियों की भर्ती व प्रबंधन प्रणाली में सुधार भी शामिल हो सकता है।
नई राष्ट्रीय एजेंसी के तहत आतंकवाद-रोधी इकाइयों, संगठित अपराध एजेंसियों, पुलिस हेलिकॉप्टर सेवाओं, हाईवे पुलिसिंग और क्षेत्रीय संगठित अपराध इकाइयों को एकीकृत किया जाएगा। सरकार का दावा है कि इससे जांच तेज होगी, खुफिया जानकारी साझा करना आसान होगा और बड़े मामलों में दोहराव खत्म होगा।
सुधार का एक पहलू यह भी
इस सुधार का एक अहम पहलू खर्च और मानव संसाधन प्रबंधन भी है। एकल राष्ट्रीय एजेंसी के जरिए हथियार, तकनीक और उपकरणों की खरीद केंद्रीय स्तर पर होगी, जिससे लागत घटेगी। साथ ही, सरकार को उम्मीद है कि यह ढांचा “विश्व-स्तरीय विशेषज्ञों” को आकर्षित करेगा, खासकर साइबर सुरक्षा और डिजिटल फॉरेंसिक जैसे क्षेत्रों में।
ब्रिटेन का पुलिस महकमा भी समर्थन में
पुलिस महकमे के भीतर इस पहल को लेकर सकारात्मक माहौल है। लंदन की मेट्रोपॉलिटन पुलिस, जो फिलहाल आतंकवाद-रोधी अभियानों का नेतृत्व करती है, ने एकल राष्ट्रीय पुलिस सेवा के विचार का समर्थन किया है। विशेषज्ञों के मुताबिक, अगर यह योजना सफल रही, तो ब्रिटेन की पुलिसिंग न केवल ज्यादा आधुनिक और संगठित होगी, बल्कि आम लोगों के लिए भी सुरक्षा व्यवस्था अधिक प्रभावी और भरोसेमंद बन सकती है।