दुनिया

'बहुत जल्द होगा हमला और ईरान कुछ नहीं कर पाएगा'; ट्रंप के निशाने पर आया नतांज परमाणु सेंटर, दे दी सीधी धमकी

डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को एक बार फिर बड़ी धमकी दी है। उन्होंने कहा है कि अमेरिका जल्द ही ईरान के नतांज परमाणु केंद्र के पास स्थित पिकएक्स माउंटेन परिसर इलाके पर भारी हमला कर सकता है।

Image

ट्रंप ने दी धमकी।

Photo : AP

अमेरिका ईरान के बीच तनाव है कि कम ही नहीं हो रहा। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर एक बार फिर सख्त चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका जल्द ही ईरान के नतांज (Natanz) परमाणु केंद्र पर बहुत भारी हमला करेग। बता दें कि अमेरिका का कहना है कि ईरान ने नतांज परमाणु केंद्र के पास स्थित पिकएक्स माउंटेन परिसर में यूरेनियम संवर्धन के लिए इस्तेमाल होने वाली सेंट्रीफ्यूज मशीनें लगा रखी हैं।

पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि हम उस इलाके पर बहुत जल्द और बहुत भारी हमला करेंगे। वे इसे रोकने के लिए कुछ भी नहीं कर पाएंगे। इस दौरान जब ट्रंप से पूछा गया कि ईरान भी अमेरिका पर जवाबी कार्रवाई कर सकता है? इस पर उन्होंने कहा कि अगर उन्हें लगता कि ईरान जवाबी कार्रवाई कर सकता है, तो वह इस तरह सार्वजनिक रूप से सैन्य कार्रवाई की बात कभी नहीं करते।

क्यों अहम है पिकएक्स माउंटेन परिसर?

हालिया खुफिया रिपोर्टों के अनुसार, इजरायली एजेंसियों का मानना है कि ईरान ने हजारों यूरेनियम संवर्धन सेंट्रीफ्यूज को नतांज परमाणु केंद्र के पास स्थित पिकएक्स माउंटेन परिसर परिसर में स्थानांतरित कर दिया है। बताया जाता है कि यह परिसर ठोस चट्टानों के भीतर सैकड़ों फीट गहराई में बना है। विशेषज्ञों का मानना है कि इतनी गहराई में स्थित होने के कारण इसे नष्ट करना बेहद मुश्किल होगा। यही वजह है कि पश्चिमी देशों को आशंका है कि यदि अन्य परमाणु ठिकाने नष्ट भी हो जाएं,तब भी ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम को इस परिसर के जरिए जारी रख सकता है।

अमेरिका का बढ़ता दबाव

ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। हाल के महीनों में अमेरिका ने ईरानी सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं और तेहरान पर आर्थिक प्रतिबंध भी कड़े किए हैं। हालांकि,ट्रंप ने संभावित सैन्य कार्रवाई की कोई निश्चित तारीख या विस्तृत योजना के बारे में बात नहीं की। वहीं, ईरान की ओर से भी इस ताजा बयान पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी को सता रही ये चिंता

इस बीच, अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) ने पहले कहा था कि ईरान ने पिकएक्स माउंटेन में परमाणु गतिविधियों की योजना की जानकारी दी थी,लेकिन निरीक्षकों को अब तक इस परिसर तक पूरी पहुंच नहीं मिली है। पश्चिमी सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि सबसे बड़ी चिंता यह है कि ईरान संवेदनशील परमाणु गतिविधियों को किसी गुप्त या कठिन पहुंच वाले स्थान पर स्थानांतरित कर परमाणु हथियार क्षमता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ सकता है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article