दुनिया

दक्षिणी लेबनान में इजरायल ने आसमान से बरसाया कहर; 11 की मौत, दो बच्चे और दो मेडिकल कर्मी भी शामिल

2 मार्च को हिजबुल्लाह द्वारा इजरायल की ओर रॉकेट दागे जाने के बाद से इजरायली हमलों में लेबनान में 4,300 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।

Image

इजरायल ने लेबनान पर आसमान से बरसाया कहर।

Photo : ANI

ईरान अमेरिका के बीच जारी तनाव के बीच इजरायल ने दक्षिणी लेबनान में आज तड़के हमले कर दिए। इजरायल की ओर से किए गए इन हवाई हमलों में कम से कम 11 लोग मारे गए, इनमें दो बच्चे और दो मेडिकल कर्मी शामिल हैं। इसके अलावा पांच अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच संघर्ष खत्म करने के लिए घोषित युद्धविराम के बावजूद दक्षिणी लेबनान में सैन्य गतिविधियां जारी हैं।

आवासीय इमारत पर एयरस्ट्राइक,नौ लोगों की मौत

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायल ने रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात को कफर रुम्मान में एक आवासीय इमारत को निशाना बनाया। इस हमले में नौ लोगों की मौत हुई,जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। पांच लोग घायल बताए जा रहे हैं। इसके कुछ समय बाद शहर में एक नागरिक वाहन को इजरायली ड्रोन ने निशाना बनाया। वाहन में मौजूद दो मेडिकल कर्मियों की मौत हो गई।

वहीं यह भी सामने आया है कि इन हमलों से पहले इजरायली सेना ने कोई भी अलर्ट जारी नहीं किया था। इसके साथ ही इजरायली सेना ने अभी तक यह भी साफ नहीं किया है कि उसे हमले वाली जगहों पर बच्चों और मेडिकल कर्मियों की मौजूदगी की जानकारी थी या नहीं।

युद्धविराम की स्थिरता को लेकर चिंता बढ़ी

लगातार हो रहे हमलों ने जून में लागू हुए युद्धविराम की स्थिरता को लेकर चिंता बढ़ा दी है। युद्धविराम के बाद हिंसा में काफी कमी आई है, लेकिन दक्षिणी लेबनान में इजरायली हमले पूरी तरह बंद नहीं हुए हैं।

एक दिन पहले भी सात लोगों की मौत

रविवार को भी दक्षिणी लेबनान में इजरायली हमलों में कम से कम सात लोगों की मौत हुई थी। इससे एक दिन पहले लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन ने इजरायली हमलों को 'खतरनाक उकसावे' के तौर पर बताया था।

राष्ट्रपति औन ने अमेरिका से मांगा हस्तक्षेप

रविवार को राष्ट्रपति औन ने कहा कि इजरायली हमले अब लेबनान की सरकारी संस्थाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच गए हैं। इजरायल का कहना है कि उसके हमलों का लक्ष्य हिजबुल्लाह के लड़ाके और उसके ठिकाने थे। इजरायल ने दावा किया कि ईरान समर्थित हिजबुल्लाह ने दक्षिणी लेबनान में एक रणनीतिक पहाड़ी के पास उसके सैनिकों पर ड्रोन हमला किया था।

इजरायल ने इस कथित ड्रोन हमले को युद्धविराम का 'खुला उल्लंघन' बताया, हालांकि उसने अपने सैनिकों के किसी हताहत होने की जानकारी नहीं दी। हिजबुल्लाह ने हाल के हफ्तों में हुए हमलों की जिम्मेदारी नहीं ली है और इजरायल के दावों पर तत्काल कोई टिप्पणी भी नहीं की।

युद्धविराम के बावजूद जारी है सैन्य अभियान

इजरायल दक्षिणी लेबनान के कुछ हिस्सों में सैन्य अभियान जारी रखे हुए है और इन्हें अपनी सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण क्षेत्र मानता है। इस दौरान क्षेत्र में गांवों को नुकसान पहुंचाने और हवाई हमले जारी रहने के आरोप भी लगते रहे हैं। 2 मार्च को हिजबुल्लाह द्वारा इजरायल की ओर रॉकेट दागे जाने के बाद से इजरायली हमलों में लेबनान में 4,300 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।
Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article