क्रिकेट

न्यूजीलैंड दौरे से पहले कीवी कप्तान को सता रहा है RO-KO का डर

कीवी कप्तान ने भारत के आगामी न्यूजीलैंड दौरे को लेकर रोहित-विराट की जोड़ी को चुनौती बताया है। भारत का अगला दौरा न्यूजीलैंड का ही जहां वे तीनों फॉर्मेट में अपना भाग्य आजमाएंगे।

Image

रोहित और विराट (साभार-X)

टीम इंडिया का अगला असाइनमेंट न्यूजीलैंड का दौरा है। 22 अक्टूबर से 1 दिसंबर के बीच होने वाले इस दौरे पर टीम इंडिया तीनों फॉर्मेट में न्यूजीलैंड के खिलाफ हाथ आजमाएगी। टीम इंडिया पहले 5 टी20 फिर 5 वनडे और सबसे आखिर में 2 टेस्ट मैच की सीरीज खेलेगी। लेकिन इस सीरीज से पहले कीवी कप्तान को विराट और रोहित की चिंता सता रही है। न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटेनर विराट कोहली और रोहित शर्मा को वनडे सीरीज के लिए बड़ी चुनौती करार दिया। उन्होंने कहा, इन दोनों दिग्गजों को न्यूजीलैंड की पिचें रास आयी है।

सैंटेनर ने ’पीटीआई’ के साथ बातचीत में कहा, ’’यह एक चुनौती होगी। हमने लंबे समय से देखा है कि वे दोनों अब भी बेहद अच्छे खिलाड़ी हैं और वनडे क्रिकेट के माहिर हैं। अतीत में न्यूजीलैंड की कुछ पिचें उन्हें काफी रास आई हैं। उम्मीद है कि इस बार ऐसा नहीं होगा।’’

वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए खास सीरीज

सैंटनर ने भारत-न्यूजीलैंड शृंखला को विश्व कप की तैयारी का अहम हिस्सा करार दिया। ’यूरोपीय टी20 प्रीमियर लीग’ में ’एडिनबर्ग कैसल रॉकर्स’ की कप्तानी कर रहे सैंटनर ने कहा, ’’इसमें कोई संदेह नहीं कि यह शानदार शृंखला होगी। यह अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप की तैयारियों का हिस्सा है। सीमित मैचों के बीच हर टीम विश्व कप के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ संयोजन बनाने की कोशिश कर रही है।’’ सैंटनर ने कहा कि न्यूजीलैंड को भारत के खिलाफ पांच वनडे खेलने हैं। इसके बाद घरेलू मैदान पर श्रीलंका के खिलाफ तीन मैच होंगे और फिर सितंबर 2027 में इंग्लैंड में विश्व कप की तैयारियां की जाएंगी।

क्या है कीवी कप्तान सैंटनर का लक्ष्य

सैंटनर ने भारत के खिलाफ सीरीज को लेकर कहा 'सबसे पहले हमारा लक्ष्य घरेलू मैदान पर भारत के खिलाफ शृंखला जीतना है। यह हमारे लिए शानदार उपलब्धि होगी। इसके बाद अगले साल अक्टूबर तक विश्व कप के लिए टीम का सही संयोजन तैयार करने पर ध्यान रहेगा।’’

न्यूजीलैंड ने किया सूपड़ा साफ

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पिछली टेस्ट शृंखला में न्यूजीलैंड ने ऐतिहासिक रूप से 3-0 से क्लीन स्वीप किया था। इस जीत के साथ उसने भारत का घरेलू मैदान पर 12 साल से अधिक समय और 18 शृंखलाओं से चला आ रहा अजेय अभियान खत्म कर दिया था। भारतीय टेस्ट टीम में बदलाव के दौर को देखते हुए सैंटनर ने कहा कि नवंबर में न्यूजीलैंड में होने वाले दो टेस्ट मैच भारतीय टीम के कुछ नए खिलाड़ियों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।

गेंदबाजों की मददगार होगी पिचें

उन्होंने कहा, "जैसा कि हमने पहले भी बात की है, सबसे जरूरी है कि परिस्थितियों के अनुसार जल्दी ढलने की कोशिश की जाए। नए खिलाडियों से सजी भारतीय टीम के लिए न्यूजीलैंड में लाल गेंद से क्रिकेट खेलने का यह पहला अनुभव हो सकता है। यहां की पिचें उनके लिए नई होंगी और संभव है कि वे भारत की तुलना में गेंदबाजों को अधिक मदद दें।" सैंटनर ने हालांकि मौजूदा भारतीय टेस्ट टीम को "पूरी तरह संतुलित" करार देते हुए कहा कि टीम अच्छी तरह तैयार होती नजर आ रही है।

उन्होंने कहा कि जसप्रीत बुमराह की वापसी से भारतीय गेंदबाजी आक्रमण मजबूत होगा। मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा के पास उछाल हासिल करने की क्षमता है, जबकि रविंद्र जडेजा और मानव सुथार स्पिन का विकल्प देंगे।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article