दुनिया

अमेरिका ऐसी ताकत से पलटवार करेगा, जो किसी ने पहले कभी नहीं देखा होगा...ट्रंप ने ईरान को फिर चेताया

मेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को ईरान को चेतावनी दी कि वह अपने हमलों को और न बढ़ाए। उन्होंने ऑनलाइन लिखा कि अमेरिका ऐसी ताकत से पलटवार करेगा जो पहले कभी नहीं देखी गई होगी!

Image

ट्रंप ने दी ईरान को सख्त चेतावनी

Photo : AP

Trump warns Iran -अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को ईरान को चेतावनी दी कि वह अपने हमलों को और न बढ़ाए। उन्होंने ऑनलाइन लिखा कि अमेरिका ऐसी ताकत से पलटवार करेगा जो पहले कभी नहीं देखी गई होगी! ट्रंप की ये टिप्पणियां ट्रुथ सोशल पर ईरान की उन धमकियों के बाद आईं जो उसने रविवार सुबह सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या की जिम्मेदारी स्वीकार करने के बाद दी थीं।

ट्रंप ने लिखा, ईरान ने अभी कहा है कि वे आज बहुत जोरदार हमला करने जा रहे हैं, पहले से कहीं ज्यादा जोरदार। उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए, क्योंकि अगर उन्होंने ऐसा किया, तो हम उन पर ऐसी ताकत से हमला करेंगे जो पहले कभी नहीं देखी गई!

खामेनेई की हुई मौत

अमेरिका-इजराइल के हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की 86 वर्ष की उम्र में मौत हो गई। खामेनेई की मृत्यु से इस्लामी गणराज्य के भविष्य को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। ईरान में 88 सीट वाली विशेषज्ञ सभा खामेनेई के उत्तराधिकारी का चुनाव करेगी। इस विशेषज्ञ सभा में अधिकतर कट्टरपंथी धर्मगुरु शामिल हैं। हालांकि अब तक कोई स्पष्ट उत्तराधिकारी तय नहीं हुआ है।

खामेनेई ने 1989 से इस्लामी गणराज्य का नेतृत्व किया। खामेनेई ने ईरान के सर्वोच्च नेता के रूप में दशकों तक धार्मिक सत्ता स्थापित करने और देश को एक क्षेत्रीय महाशक्ति बनाने का प्रयास किया। उनका ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर इजराइल और अमेरिका के साथ टकराव रहा और उन पर देश में लोकतंत्र समर्थक प्रदर्शनकारियों को कुचलने के भी आरोप लगे।

ईरान के सरकारी मीडिया ने की पुष्टि

ईरान के सरकारी मीडिया ने रविवार तड़के इस बात की पुष्टि की कि इजराइल और अमेरिका के हमले में खामनेई मारे गए हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कुछ घंटे पहले ही कहा था कि खामेनेई को संयुक्त अभियान में मार गिराया गया है। ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला रुहोल्लाह खोमैनी की 1989 में मृत्यु के बाद खामेनेई ने सत्ता संभाली और इस्लामी गणराज्य को पूरी तरह से नया रूप दिया। खोमैनी एक जोशीले और करिश्माई विचारक थे जिन्होंने शाह को सत्ता से बेदखल कर शिया मुस्लिम धर्मगुरुओं का शासन स्थापित किया।

उन्होंने खोमैनी से कहीं अधिक समय तक शासन किया। उन्होंने शिया धर्मगुरु वर्ग का व्यापक विस्तार किया और अर्द्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड को अपने शासन का सबसे महत्वपूर्ण आधार बनाया। धीरे धीरे रिवोल्यूशनरी गार्ड देश में प्रमुख सैन्य ताकत बन गया और बैलिस्टिक मिसाइल का शस्त्रागार का प्रमुख भी बन गया। हालांकि अपने परमाणु कार्यक्रमों को लेकर ईरान विश्व के देशों के निशाने पर आ गया, देश पर कई प्रतिबंध लगाए गए जिससे उसकी अर्थव्यवस्था डंवाडोल होती चली गई।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article