Trump-Modi Friendship: भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रिश्तों को लेकर एक दिलचस्प किस्सा साझा किया है। उन्होंने कहा कि कुछ महीने पहले वह ट्रंप के साथ मियामी में यूएफसी इवेंट (UFC Event) के दौरान मौजूद थे, तभी राष्ट्रपति ने अचानक पीएम मोदी को फोन करने की बात कही।
सर्जियो गोर ने वॉशिंगटन डीसी में आयोजित IX USISPF Leadership Summit 2026 के दौरान ये बात कही। सर्जियो गोर के मुताबिक, उन्होंने ट्रंप से कहा कि उस समय भारत में सुबह के 6 बजे हैं। इस पर ट्रंप ने जवाब दिया, “वो उठे होंगे। वो मेरी तरह हैं, वो सोते नहीं।” गोर ने कहा कि इस घटना का मकसद सिर्फ फोन कॉल नहीं था, बल्कि यह दिखाना था कि दोनों नेताओं के बीच व्यक्तिगत स्तर पर मजबूत संबंध हैं।
ट्रंप प्रधानमंत्री मोदी को एक दोस्त की तरह देखते हैं: सर्जियो गोर
उन्होंने आगे कहा कि जब दो नेता दोस्त होते हैं तो हर बातचीत पहले से तय शेड्यूल के अनुसार नहीं होती। ट्रंप प्रधानमंत्री मोदी को एक दोस्त की तरह देखते हैं और रिश्तों में औपचारिकता से ज्यादा व्यक्तिगत संवाद को महत्व देते हैं। सर्जियो गोर ने भारत-अमेरिका संबंधों को भी मजबूत बताया और कहा कि दोनों देशों के बीच साझेदारी आने वाले वर्षों में और गहरी हो सकती है।
'अमेरिका भारत के साथ साझेदारी को और आगे बढ़ाना चाहता है'
सर्जियो गोर ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ जुड़ाव उनके पहले कार्यकाल से ही बना हुआ है और भारत को लेकर उनके पास कई सकारात्मक अनुभव और अच्छी यादें हैं। उनके मुताबिक, यही मजबूत व्यक्तिगत संबंध दोनों देशों के लिए एक बड़ा लाभ साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि अमेरिका भारत के साथ साझेदारी को और आगे बढ़ाना चाहता है। गोर के अनुसार, आने वाले दो साल भारत-अमेरिका द्विपक्षीय संबंधों के लिए बेहद निर्णायक साबित होंगे और यही अवधि आने वाले दशकों की दिशा तय कर सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग इस साझेदारी का हिस्सा बन रहे हैं, उन्हें इसे किसी अल्पकालिक पहल की तरह नहीं बल्कि एक दीर्घकालिक परियोजना के रूप में देखना चाहिए। उनके शब्दों में, आज किए गए प्रयास और निवेश ही आने वाले वर्षों और दशकों में दोनों देशों के संबंधों की नींव मजबूत करेंगे।
