Zohran Mamdani : जोहरान ममदानी के न्यूयॉर्क मेयर पद का चुनाव जीतने पर व्हाइट हाउस ने ट्वीट किया है। X पर व्हाइट हाउस के इस पोस्ट में ममदानी का नाम तो नहीं लिया है लेकिन उसने न्यूयॉर्क के लोगों को याद दिलाया है कि उनके राष्ट्रपति ट्रंप ही हैं। इस पोस्ट में बस इतना कहा गया है कि 'ट्रंप ही आपके राष्ट्रपति हैं'। बता दें कि 34 साल के जोहरान ने न्यूयॉर्क मेयर पद का चुनाव भारी अंतर से जीता है। डेमोक्रेट उम्मीदवार ममदानी अफ्रीकी-भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक हैं। उनकी मां प्रसिद्ध फिल्म निर्माता मीरा नायर हैं जबकि उनके पिता यूगांडा के हैं।
मेयर पद के चुनाव में ममदानी जब चर्चा में आए तभी से राष्ट्रपति ट्रंप ने उन्हें निशाने पर लेना शुरू किया। कुछ दिनों पहले ट्रंप ने उन्हें '100 फीसदी कम्यूनिस्ट और पागल कहा।' ट्रंप ने यह भी कहा कि 'ममदानी भयानक दिखते हैं और उनका आवाज बहुत ही खराब है।' अमेरिकी राष्ट्रपति ने चुनाव से एक दिन पहले अपने ट्रुथ सोशल पर कहा कि न्यूयॉर्क मेयर पद का चुनाव यदि ममदानी जीते तो वह शहर को मिलने वाले संघीय बजट में कटौती कर देंगे। ट्रंप ने यह भी कहा कि वह ममदानी की जगह डेमोक्रेट को जीतना पसंद करेंगे।
इस पद पर पहुंचने वाले ममदानी पहले दक्षिण एशियाई, मुस्लिम व्यक्ति
इस जीत के साथ ममदानी अमेरिका के सबसे बड़े शहर के मेयर पद पर आसीन होने वाले पहले दक्षिण एशियाई और मुस्लिम व्यक्ति बन गए हैं। ममदानी ने 9,48,202 वोट (50.6 प्रतिशत) प्राप्त कर न्यूयॉर्क सिटी के मेयर का चुनाव जीता, जिसमें 83 प्रतिशत वोट पड़े। वह कई महीनों से न्यूयॉर्क सिटी के मेयर चुनाव की दौड़ में सबसे आगे थे और मंगलवार को उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवार कर्टिस स्लिवा तथा दिग्गज नेता एवं न्यूयॉर्क के पूर्व गवर्नर एंड्रयू कुओमो को हराया, जो निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे थे। कुओमो को चुनाव की पूर्व संध्या पर ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन प्राप्त हुआ था।
दूसरे स्थान पर कुओमो को 41.3 प्रतिशत वोट मिले
कुओमो को 7,76,547 वोट (41.3 प्रतिशत) मिले जबकि स्लिवा को 1,37,030 वोट मिले। उनकी प्रचार टीम ने कहा था, ‘जोहरान ममदानी न्यूयॉर्क के कामकाजी वर्ग के लोगों के लिए जीवनयापन की लागत कम करने के वास्ते मेयर पद का चुनाव लड़ रहे हैं।’ युवा नेता ममदानी को युवाओं और कामकाजी वर्ग के न्यूयॉर्कवासियों के बीच भरपूर समर्थन मिला, जो देश में कठिन आर्थिक और राजनीतिक माहौल के बीच महंगाई और नौकरी की असुरक्षा के बोझ तले दबे हुए हैं। भारतीय मूल के ममदानी प्रसिद्ध फिल्म निर्माता मीरा नायर और कोलंबिया विश्वविद्यालय के प्रोफेसर महमूद ममदानी के पुत्र हैं। उनका जन्म युगांडा के कंपाला में हुआ था और सात साल की उम्र में वह अपने परिवार के साथ न्यूयॉर्क सिटी आ गए थे। ममदानी 2018 में ही अमेरिकी नागरिक बने थे।
