दुनिया

फिलिस्तीन को मान्यता देने के पक्ष में नहीं अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप, स्टार्मर की योजना से जताई असहमति

ट्रंप ने कहा कि 'फिलिस्तीन को मान्यता देने वाली प्रधानमंत्री की इस योजना से मेरा विरोध है।' इस दौरान ट्रंप ने सात अक्टूबर 2023 को हमास द्वारा इजरायल पर किए गए हमले और उसके अत्याचारों का जिक्र किया और कहा कि उनकी प्राथमिकता बंधकों की रिहाई है।

Image

संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में स्टार्मर के साथ ट्रंप। तस्वीर-AP

Photo : AP

Donald Trump: फिलिस्तीन को मान्यता देने की ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर की योजना से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी असहमति जताई है। लंदन में ब्रिटेन के पीएम के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि 'फिलिस्तीन को मान्यता देने वाली प्रधानमंत्री की इस योजना से मेरा विरोध है।' इस दौरान ट्रंप ने सात अक्टूबर 2023 को हमास द्वारा इजरायल पर किए गए हमले और उसके अत्याचारों का जिक्र किया और कहा कि उनकी प्राथमिकता बंधकों की रिहाई है।

हमें सात अक्टूबर की तारीख याद रखनी होगी-ट्रंप

ट्रंप ने कहा, 'हमें सात अक्टूबर की तारीख याद रखनी होगी। यह दुनिया के इतिहास के सबसे हिंसक दिनों में से एक है। मैं इसकी समाप्ति चाहता हूं। मैं चाहता हूं कि बंधकों को छोड़ा जाए। हमें बाकी बचे बंधकों को तुरंत वापस लाना होगा। मैंने ऐसी-ऐसी दुखद कहानियां सुनी हैं, जिनके बारे में मैंने कभी कल्पना नहीं किया। कोई इंसानियत नहीं थी, कुछ भी नहीं था। हमास ने कहा है कि कोई हमला होने पर वे मोर्चे पर बंधकों को सामने रखने जा रहे हैं।'

इससे पहले ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि वह ब्रिटेन की अपनी दूसरी राजकीय यात्रा के दौरान उनके भव्य स्वागत और शानदार आतिथ्य के लिए "बेहद आभारी" हैं। ट्रंप ने यह टिप्पणी अपनी यात्रा के समापन पर की। उनकी यह यात्रा मुश्किल व्यापार और भू-राजनीतिक मुद्दों पर सार्वजनिक मतभेदों से काफी हद तक बची रही। दोनों पक्षों के बीच गर्मजोशी और ट्रंप द्वारा मेजबान देश के लिए जताये गए आभार से यह संकेत मिला कि वह शाही परिवार और ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीअर स्टॉर्मर के स्वागत से काफी प्रभावित हुए। हालांकि कुछ प्रमुख मामलों में प्रगति की उल्लेखनीय कमी थी।

हेलीकॉप्टर में आई 'मामूली हाइड्रोलिक समस्या'

व्हाइट हाउस के अनुसार ट्रंप को स्टैनस्टेड हवाई अड्डे पर ले जा रहे उनके हेलीकॉप्टर में "मामूली हाइड्रोलिक समस्या" आने की वजह से एक स्थानीय हवाई अड्डे पर अनिर्धारित रूप से उतरना पड़ा। इसमें कोई हताहत नहीं हुआ और एक वैकल्पिक हेलीकॉप्टर उन्हें स्टैनस्टेड ले गया। वहां से वह एयर फ़ोर्स वन में सवार होकर वाशिंगटन के लिए रवाना हुए। ट्रंप और स्टॉर्मर ने विज्ञान और प्रौद्योगिकी पर एक ऐतिहासिक समझौते पर हस्ताक्षर किए, जिसे दोनों पक्षों ने सराहा। दोनों नेताओं ने वैश्विक व्यापार जगत के नेताओं के साथ एक गोलमेज सम्मेलन भी किया। इसमें दोनों नेताओं ने कहा कि इस समझौते से रोजगार में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है।

यूक्रेन-गाजा पर हुई बात

ट्रंप और स्टॉर्मर के बीच निजी बातचीत में जिन विषयों पर ज़्यादातर चर्चा हुई, उनमें यूक्रेन और गाजा में युद्ध और ब्रिटेन से आयातित स्टील पर अमेरिकी शुल्क दरें शामिल थीं। ट्रंप ने चेकर्स में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘हमारे देशों के बीच जो संबंध हैं वैसा दुनिया में कहीं और नहीं है।’अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और ब्रिटेन ने "इतिहास में किसी भी अन्य देश की तुलना में पृथ्वी के लिए अधिक अच्छा काम किया है।" इस दौरान स्टॉर्मर ने कहा, 'ब्रिटिश और अमेरिकी पुरुष और महिलाएं, कंधे से कंधा मिलाकर, इतिहास का रुख बदल रहे हैं और इसे हमारे मूल्यों, स्वतंत्रता, लोकतंत्र और कानून के शासन की ओर मोड़ रहे हैं।’

धूमधाम से हुआ ट्रंप-मेलानिया का स्वागत

यह आपसी प्रशंसा बुधवार को विंडसर कैसल में राजा चार्ल्स तृतीय और रानी कैमिला द्वारा ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप का राजशाही द्वारा पूरी धूमधाम से किए गए स्वागत के बाद हुई। कैसल में किसी राजकीय यात्रा के लिए अब तक का सबसे बड़ा सैन्य सम्मान गारद भी शामिल था।

ट्रंप ने राजा और रानी को "दो शानदार लोग" बताया और कहा कि वह उनके आतिथ्य के लिए "बेहद आभारी" हैं।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article