दुनिया

'साल के आखिर तक रूसी तेल खरीदना बंद कर देगा भारत', शी जिनपिंग से मुलाकात से पहले ट्रंप का बड़ा दावा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दोहराया कि भारत जल्द ही रूस से तेल खरीदना बंद कर देगा। दक्षिण कोरिया में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ बैठक से पहले ट्रंप ने ये बात कही है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बात करते हुए, ट्रंप ने उम्मीद जताई कि बातचीत एक "पूर्ण समझौते" पर पहुंचेगी।

Image

ट्रंप का दावा- 'साल के आखिर तक रूसी तेल खरीदना बंद कर देगा भारत।(फोटो सोर्स: AP)

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दोहराया कि भारत जल्द ही रूस से तेल खरीदना बंद कर देगा। दक्षिण कोरिया में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ बैठक से पहले ट्रंप ने ये बात कही है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बात करते हुए, ट्रंप ने उम्मीद जताई कि बातचीत एक "पूर्ण समझौते" पर पहुंचेगी।

पत्रकारों द्वारा यह पूछे जाने पर कि क्या ट्रंप शी जिनपिंग के साथ अपनी बैठक के दौरान चीन द्वारा रूस से तेल खरीद का जिक्र करेंगे, अमेरिकी नेता ने सकारात्मक जवाब दिया। ट्रंप ने दावा किया, "मैं भले ही इस पर चर्चा कर रहा हूं, लेकिन आप जानते हैं कि चीन, आपने शायद आज देखा होगा - रूसी तेल की खरीद में काफी कटौती कर रहा है, और भारत पूरी तरह से कटौती कर रहा है, और हमने प्रतिबंध भी लगाए हैं।"

रूस से तेल खरीदने की वजह ट्रंप ने लगाया टैरिफ

ट्रंप ने रूस की दो सबसे बड़ी तेल कंपनियों, रोसनेफ्ट और लुकोइल पर प्रतिबंध लगा दिए हैं। उनका दावा है कि रूस तेल बेचकर यूक्रेन में युद्ध लड़ रहा है।उन्होंने रूसी तेल खरीदने की वजह से भारत पर अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ (सेकेंडरी टैरिफ) लगाए हैं, जिससे भारत पर कुल अमेरिकी टैरिफ बढ़कर 50 प्रतिशत हो गया है।

इससे पहले भी ट्रंप ने दावा किया था कि उन्होंने पीएम मोदी से फोन पर बातचीत करते हुए इस मुद्दे पर चर्चा की थी। ट्रंप ने कहा था कि “भारत ने मुझसे कहा है कि वे रूस से तेल खरीदना रोकने की प्रक्रिया में हैं। यह तुरंत नहीं रुक सकता, लेकिन साल के अंत तक वे इसे लगभग खत्म कर देंगे। मैंने प्रधानमंत्री मोदी से कल बात की। बातचीत शानदार रही।”

भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर मैंने करवाया: ट्रंप

मेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष को रोकने का श्रेय लिया, जो इस साल अप्रैल में हुए घातक पहलगाम आतंकी हमले के बाद शुरू हुआ था। राष्ट्रपति ट्रंप ने एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, मैंने इसे (युद्धविराम) करवाया। और भी हैं। अगर आप भारत और पाकिस्तान को देखें, तो मैं कह सकता हूं कि मेरे द्वारा पहले किए गए लगभग किसी भी समझौते को रूस और यूक्रेन से ज्यादा मुश्किल माना जाता, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

रूस-यूक्रेन युद्ध का समाधान सबसे चुनौतीपूर्ण

राष्ट्रपति ट्रंप ने ये बातें रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बैठक फिर से शुरू करने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर कहीं। इससे पहले होने वाली बैठक की योजना फिलहाल अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि रूसी राष्ट्रपति ने अजरबैजान और आर्मेनिया सहित विभिन्न अन्य संघर्षों में शांति स्थापित करने के उनके प्रयासों के लिए उनकी प्रशंसा की, साथ ही कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध का समाधान सबसे चुनौतीपूर्ण है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article