Toronto Diwali Day 2025: कनाडा के टोरंटो शहर ने 20 अक्टूबर 2025 को पहली बार आधिकारिक रूप से “दिवाली दिवस” घोषित किया है। इस ऐतिहासिक घोषणा की घोषणा मेयर ओलिविया चाउ ने सोमवार को सिटी हॉल में आयोजित एक जनसभा के दौरान की। इस अवसर पर उन्होंने दिवाली को केवल एक धार्मिक उत्सव ही नहीं बल्कि प्रकाश की अंधकार पर, आशा की निराशा पर और अच्छाई की बुराई पर विजय का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में, जब समाज में विभाजनकारी प्रवृत्तियां बढ़ रही हैं, यह समझना आवश्यक है कि विविधता और समावेशिता ही हमारी असली ताकत हैं, और टोरंटो शहर इस सिद्धांत को पूरी निष्ठा के साथ अपनाने वाला है।
भारतीयों के योगदान को सम्मान देने के लिए
टोरंटो में भारतीय समुदाय के योगदान को सम्मान देने के लिए यह कदम बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने भी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर इस घोषणा को साझा किया और इसे अंधकार पर प्रकाश की विजय और शहर के सांस्कृतिक और सामाजिक ताने-बाने में भारतीय समुदाय के योगदान की मान्यता के रूप में प्रस्तुत किया। दूतावास ने यह भी बताया कि यह निर्णय टोरंटो के बहुसांस्कृतिक माहौल और विभिन्न समुदायों के बीच सहयोग की भावना को और मजबूत करेगा।
विविधता ही हमारी ताकत है
मेयर ओलिविया चाउ ने कहा कि दिवाली के अवसर पर टोरंटो शहर दक्षिण एशियाई समुदाय के ऐतिहासिक और सतत योगदान को स्वीकार करता है और उसका उत्सव मनाता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह पहल शहर के मूल मंत्र “विविधता ही हमारी ताकत है” को और सुदृढ़ करती है। इस घोषणा के साथ टोरंटो उन शहरों की सूची में शामिल हो गया है जो भारतीय और दक्षिण एशियाई समुदाय के सांस्कृतिक योगदान को आधिकारिक रूप से पहचानते हैं।
वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में कदम
इस कदम से न केवल भारतीय समुदाय की उपलब्धियों को सम्मानित किया गया है, बल्कि पूरे टोरंटो में समानता, समावेशिता और सांस्कृतिक विविधता की भावना को बढ़ावा मिलेगा। यह पहल शहर में रहने वाले विभिन्न समुदायों के बीच एकता और सौहार्द को भी मजबूत करेगी। कुल मिलाकर, टोरंटो की यह घोषणा दिवाली को एक सांस्कृतिक और सामाजिक उत्सव के रूप में वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
(इनपुट - भाषा)
