Thailand Visa Policy: थाईलैंड ने उन सभी 90 देशों के लिए अपनी 60-दिन की वीजा-मुक्त नीति खत्म कर दी है, जिन्हें पहले यह सुविधा मिली हुई थी, जिसमें भारत भी शामिल है। यह कदम सुरक्षा जांच को और कड़ा करने और विदेशी नागरिकों से जुड़े अपराधों पर रोक लगाने के उद्देश्य से उठाया गया है। भारतीय यात्रियों के लिए, इसका मतलब यह होगा कि वे वापस उसी 30-दिन की वीज़ा-मुक्त रहने की व्यवस्था पर लौट आएंगे जो जुलाई 2024 में थाईलैंड द्वारा छूट की अवधि बढ़ाए जाने से पहले लागू थी।
इस घोषणा की जानकारी थाईलैंड सरकार के X अकाउंट पर एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी गई।
'थाईलैंड 90 से ज़्यादा देशों के लिए अपनी 60-दिन की वीज़ा-मुक्त नीति को खत्म कर रहा है। एंट्री के नियम वापस मूल द्विपक्षीय शर्तों पर आ जाएंगे जो पासपोर्ट के हिसाब से अलग-अलग होंगे। वजह-कड़ी सुरक्षा जांच और तय समय से ज्यादा रुकने वालों पर सख्ती। वीजा नीति समिति हर देश की अलग-अलग समीक्षा करेगी,' पोस्ट में लिखा था।
यह फैसला ऐसे समय आया है जब विदेशियों से जुड़े कई हाई-प्रोफ़ाइल मामले सामने आए हैं, जिन पर कथित तौर पर नशीले पदार्थों से जुड़े अपराधों, सेक्स ट्रैफिकिंग और बिना सही परमिट के होटल और स्कूल जैसे कारोबार चलाने के आरोप हैं। थाई अधिकारियों ने कहा है कि कुछ विजिटर वीजा-मुक्त अवधि बढ़ाए जाने का फायदा उठाकर देश में गैर-कानूनी तरीके से ज्यादा समय तक रुक रहे थे।
यह कदम क्यों उठाया गया है?
थाईलैंड सरकार के PR विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, यह फ़ैसला 19 मई को राष्ट्रीय सुरक्षा, पर्यटन और आर्थिक हितों, आपसी लेन-देन, वीजा से जुड़ी उन सुविधाओं को कम करने के मकसद से लिया गया है जिनसे यात्रियों को भ्रम हो सकता है, और साथ ही E-Visa सिस्टम से मिलने वाली सहूलियत को देखते हुए भी यह कदम उठाया गया है।
यह कदम अंतरराष्ट्रीय अपराधों पर नकेल कसने की एक बड़ी मुहिम का हिस्सा
थाईलैंड के विदेश मंत्री सिहासाक फुंगकेटकेओ ने पिछले हफ्ते कहा था कि यह कदम अंतरराष्ट्रीय अपराधों पर नकेल कसने की एक बड़ी मुहिम का हिस्सा है। सरकार ने साफ किया कि यह नीतिगत बदलाव किसी खास देश को निशाना बनाकर नहीं किया गया है, बल्कि उन लोगों के लिए है जो वीज़ा सिस्टम का गलत इस्तेमाल करते हैं।
पर्यटन मंत्री सुरासाक फंचारोएनवोराकुल ने कहा कि वीजा के नियमों में बदलाव करते समय सुरक्षा और आर्थिक, दोनों ही पहलुओं पर विचार किया जाएगा। सरकारी प्रवक्ता रचादा धनादिरेक ने कहा कि जहां एक ओर पर्यटक अर्थव्यवस्था में अहम योगदान देते हैं, वहीं मौजूदा व्यवस्था के चलते कुछ लोगों ने ठहरने की अवधि बढ़ाने वाले नियमों का गलत इस्तेमाल किया है।
वीजा-मुक्त ठहरने की अवधि कम करने के प्रस्ताव को मंजूरी
थाईलैंड की कैबिनेट ने मंगलवार को 90 से ज़्यादा देशों के यात्रियों के लिए वीजा-मुक्त ठहरने की अवधि कम करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। इन देशों में 29 देशों वाला शेंगेन क्षेत्र, संयुक्त राज्य अमेरिका, इजराइल और दक्षिण अमेरिका के कई देश शामिल हैं। अब वीजा-मुक्त ठहरने की नई अवधि हर देश के हिसाब से अलग-अलग तय की जाएगी।
