दुनिया

स्वीडन में PM मोदी का रॉयल एयर वेलकम,ग्रिपेन फाइटर जेट्स ने किया एस्कॉर्ट, एयरपोर्ट पर पीएम उल्फ क्रिस्टर्सन ने खुद किया स्वागत

प्रधानमंत्री मोदी 17 और 18 मई को स्वीडन के दौरे पर हैं। यह यात्रा स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन के निमंत्रण पर हो रही है। यहां पहुंचने पर स्वीडिश वायुसेना के ग्रिपेन लड़ाकू विमानों ने उन्हें एस्कॉर्ट किया।

Image

स्वीडन में पीएम मोदी के विमान को ग्रिपेन लड़ाकू विमानों ने किया एस्कॉर्ट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने यूरोप दौरे के अगले चरण में रविवार को स्वीडन पहुंच गए। यहां जैसे ही उनका विमान स्वीडन की सीमा में पहुंचा तुरंत ही स्वीडिश वायुसेना के ग्रिपेन लड़ाकू विमानों ने उन्हें एस्कॉर्ट किया। यह विशेष सुरक्षा और सम्मान का प्रतीक माना जाता है। इससे पहले यूएई पहुंचने पर भी ऐसा ही नजारा दिखा था। जहां एफ16 जेट विमानों ने पीएम मोदी के विमान को सुरक्षा दी थी।

स्वीडन में पीएम मोदी का रेड कॉर्पेट स्वागत

स्वीडन पहुंचने पर एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया गया। यहां गुटेनबर्ग हवाई अड्डे पर उनका स्वागत करने के लिए उनके स्वीडिश समकक्ष उल्फ क्रिस्टर्सन खुद मौजूद थे। पीएम के विमान से उतरते ही उल्फ क्रिस्टर्सन ने बेहद गर्मजोशी से पीएम मोदी का स्वागत किया।

दो दिन के दौरे पर हैं पीएम मोदी

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी 17 और 18 मई को स्वीडन के दौरे पर हैं। यह यात्रा स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन के निमंत्रण पर हो रही है। दौरे के दौरान दोनों नेता भारत और स्वीडन के बीच द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करेंगे और व्यापार, निवेश तथा नई तकनीकों के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेंगे।

इन मुद्दों पर होगी बात

भारत और स्वीडन के बीच द्विपक्षीय व्यापार वर्ष 2025 में 7.75 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच चुका है। दोनों देशों के बीच पर्यावरण हितैषी तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), उभरती प्रौद्योगिकियां, स्टार्टअप, लचीली सप्लाई चेन, रक्षा, अंतरिक्ष और जलवायु परिवर्तन जैसे क्षेत्रों में साझेदारी मजबूत करने पर विशेष फोकस रहेगा।

उर्सुला वॉन डेर लेयेन के साथ ‘यूरोपियन राउंड टेबल फॉर इंडस्ट्री’ कार्यक्रम को भी करेंगे संबोधित

इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और स्वीडन के प्रधानमंत्री यूरोपीय आयोग की अध्यक्षउर्सुला वॉन डेर लेयेन के साथ ‘यूरोपियन राउंड टेबल फॉर इंडस्ट्री’ कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे। यह मंच यूरोप की बड़ी कंपनियों और उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों का महत्वपूर्ण समूह माना जाता है।बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले वर्ष 2018 में पहले भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए स्वीडन गए थे।

बेहद खास हैं ग्रिपेन फाइटर जेट्स

बता दें कि ग्रिपेन फाइटर जेट्स को स्वीडन की कंपनी साब ने बनाया है। ये सिंगल-इंजन वाले चौथी पीढ़ी के सुपरसोनिक मल्टी-रोल लड़ाकू विमान हैं। उत्कृष्ट संचालन क्षमता,कम परिचालन लागत और उन्नत इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणालियों के लिए दुनिया इनका लोहा मानती है। ये लड़ाकू विमान हवा से हवा में जंग के साथ ही टोही और हवाई बमबारी जैसे सभी अभियानों में सक्षम हैं। इसके अलावा इन्हें अत्याधुनिक तकनीक से लैस किया गया है। इनमें फ्लाई-बाय-वायर फ्लाइट कंट्रोल, डेल्टा विंग और अत्याधुनिक रडार सिस्टम लगे हैं। इनका रखरखाव बहुत आसान है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जंग के मैदान में भी इसका इंजन मात्र एक घंटे में बदला जा सकता है।
Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article