SriLankan Airlines Fraud: 'श्रीलंकन एयरलाइंस' ने चेन्नई स्थित अपने कार्यालय में कार्यरत कई भारतीय कर्मचारियों पर 2.2 करोड़ रुपये की धनराशि के गबन का आरोप लगाया। श्रीलंका की राष्ट्रीय विमानन कंपनी ने शनिवार को जारी एक बयान में बताया कि यह धोखाधड़ी बिल, भुगतान विवरणों और हस्ताक्षरों में हेरफेर करके की गई।
बयान के मुताबिक, 'श्रीलंकन एयरलाइंस के चेन्नई स्थित कार्यालय में धनराशि के गबन के संबंध में विमानन कंपनी यह सूचित करना चाहती है कि चेन्नई के वित्त विभाग में कार्यरत कुछ भारतीय नागरिकों पर बिल, भुगतान विवरणों और हस्ताक्षरों में धोखाधड़ी से हेरफेर करके एक अवधि के दौरान कुल 2.2 करोड़ रुपये का गबन करने का आरोप है।'
विमानन कंपनी ने गबन की अवधि के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। कंपनी ने बताया कि भारतीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों से संपर्क किया जा चुका है और मामले में जांच जारी है। कंपनी ने ईमेल खाते के हैक होने के कारण यूएई में एक सेवा प्रदाता को गलत भुगतान की एक अलग घटना का भी उल्लेख किया गया।
भारतीय नौसेना का जहाज परिचालन तैनाती के लिए श्रीलंका पहुंचा
भारतीय नौसेना का पोत ’सुनयना’ हिंद महासागर क्षेत्र में अपनी परिचालन तैनाती के हिस्से के रूप में तीन-दिवसीय यात्रा के लिए कोलंबो बंदरगाह पर पहुंच गया है। श्रीलंकाई नौसेना ने बताया कि यह जहाज शुक्रवार को ’आईओएस सागर’ पहल के तहत बंदरगाह पहुंचा।
भारतीय नौसेना ने कहा कि ’आईओएस सागर’ हिंद महासागर क्षेत्र के देशों के साथ निरंतर सहयोग की दिशा में एक पहल है। इसने कहा कि भारतीय नौसेना का एक जहाज (आईएनएस सुनयना) भारत और 16 मित्र देशों के संयुक्त दल के साथ दक्षिण-पश्चिम हिंद महासागर क्षेत्र में तैनात किया जा रहा है।
भारतीय रक्षा मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, व्यावसायिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के हिस्से के रूप में, ’आईओएस सागर’ के तहत बहुराष्ट्रीय दल मीडिया से संवाद करेगा, जिसमें 2026 में इसकी तैनाती के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला जाएगा।
इसमें कहा गया है कि बंदरगाह पर पड़ाव के दौरान जहाज आगंतुकों के लिए खुला रहेगा, जहां श्रीलंकाई नौसेना के कर्मियों, स्कूली छात्रों और कोलंबो में रहने वाले भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों के आने की उम्मीद है।
