दुनिया

मिडिल ईस्ट में होने जा रहा कुछ बड़ा! ईरान की चेतावनी के बाद हाई अलर्ट पर इजरायल, अधिकारियों संग नेतन्याहू की बैठक

अमेरिका की धमकियों पर ईरान ने जवाब दिया और अमेरिका के साथ ही इजरायली सैन्य बेस पर हमले की चेतावनी दी है। इस बीच इजरायल अलर्ट पर है और प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू रविवार रात को वरिष्ठ रक्षा अधिकारियों के साथ मीटिंग करेंगे।

Image

अयातुल्ला अली खामेनेई और बेंजामिन नेतन्याहू।

Photo : ANI

ईरान में आम लोगों का विरोध प्रदर्शन 14वें दिन में प्रवेश कर चुका है। एक-एक कर देश के हर कोने से सरकार के खिलाफ आवाज उठ रही है। इंटरनेट ब्लैकआउट के भी 60 घंटे हो चुके हैं। इस बीच अमेरिका की चेतावनी से तेहरान का सियासी हलका काफी नाराज है। संसद के अध्यक्ष ने यूएस राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चेतावनी का जवाब धमकी से दिया है। ईरान के संसद अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि अगर अमेरिका इस्लामी गणराज्य पर हमला करता है तो अमेरिकी सेना और इजरायल निशाने पर होंगे। कालीबाफ ने यह धमकी तब दी जब ईरानी संसद में सांसद मंच की ओर दौड़े और अमेरिका विरोधी नारे लगाए। ईरानी राज्य टेलीविजन ने संसद सत्र को लाइव प्रसारित किया।

कालीबाफ एक कट्टरपंथी नेता हैं और पहले राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ चुके हैं। उन्होंने पुलिस और ईरान की पैरामिलिट्री रिवॉल्यूशनरी गार्ड को प्रदर्शनों के दौरान दृढ़ रहने के लिए सराहा। कालीबाफ ने कहा कि ईरान के लोगों को पता होना चाहिए कि हम उनके साथ सबसे कठोर तरीके से निपटेंगे और गिरफ्तार लोगों को सजा देंगे। उन्होंने इजरायल को कब्जे वाला क्षेत्र कहते हुए सीधे धमकी दी। उन्होंने कहा कि ईरान पर हमले की स्थिति में कब्जे वाला क्षेत्र और क्षेत्र में सभी अमेरिकी सैन्य केंद्र, अड्डे और जहाज हमारे वैध निशाने होंगे।

ईरान में तनाव के बीच अलर्ट पर इजरायल

अमेरिका की धमकियों पर ईरान ने जवाब दिया और अमेरिका के साथ ही इजरायली सैन्य बेस पर हमले की चेतावनी दी है। इस बीच इजरायल अलर्ट पर है और प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू रविवार रात को वरिष्ठ रक्षा अधिकारियों के साथ मीटिंग करेंगे।

पीएम नेतन्याहू रक्षा अधिकारियों के साथ करेंगे बैठक

इजरायली वॉर रूम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी। इसमें कहा गया कि ईरान में हो रहे डेवलपमेंट के बीच, प्रधानमंत्री नेतन्याहू आज रात सीनियर डिफेंस अधिकारियों के साथ सिक्योरिटी कंसल्टेशन करेंगे। वहीं, सिक्योरिटी कैबिनेट मंगलवार को मीटिंग करने वाली है। इजरायली वॉर रूम ने कहा कि जैसे कि ईरानी सरकार अपने ही लोगों का कत्लेआम कर रही है। वहीं, इजरायली मीडिया ने दावा किया है कि विरोध प्रदर्शनों में 115 से ज्यादा लोग मारे गए हैं।

ईरान की नई सरकार से इजरायल के रिश्ते मधुर होंगे- नेतन्याहू

इस बीच इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि उन्हें विश्वास है कि 'नई सरकार' से इजरायल के रिश्ते मधुर होंगे। उन्होंने ये बात कैबिनेट बैठक में कही। प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कहा कि तेहरान में सरकार गिरने के बाद इजरायल और ईरान फिर से पार्टनर बन जाएंगे। उन्होंने कहा कि हम ईरान के बहादुर और हिम्मती नागरिकों के साथ मजबूती से खड़े हैं और विश्वास दिलाते हैं कि एक बार सरकार गिरने के बाद, हम लोगों के फायदे के लिए मिलकर अच्छे काम करेंगे।

ईरान में सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों के फैलने और मरने वालों की बढ़ती संख्या के बीच नेतन्याहू ने कहा कि हम सभी को उम्मीद है कि ईरान जल्द ही ज़ुल्म के बंधन से आजाद हो जाएगा। जब वह दिन आएगा, तो इजरायल और ईरान एक बार फिर खुशहाली और शांति स्थापित करने के लिए पक्के साझेदार बन जाएंगे।

ईरान में 60 घंटे से इंटरनेट बंद

वहीं, इंटरनेट पाबंदी की मियाद भी बढ़ गई है। इंटरनेट मॉनिटर नेटब्लॉक्स का कहना है कि ईरान में सरकार के खिलाफ प्रदर्शनों के दौरान देश भर में इंटरनेट बंद किया गया था, जो अब 60 घंटे से ज्यादा हो गया है। आईआरजीसी से जुड़े तस्नीम न्यूज के मुताबिक विरोध प्रदर्शन बेहद हिंसक हो गया है। प्रदर्शनकारी शनिवार रात को ईरान के फार्स प्रांत के ममासानी काउंटी में न्यायपालिका परिसर में घुस गए और एक गार्ड पोस्ट में आग लगा दी। काउंटी के पब्लिक और रेवोल्यूशनरी प्रॉसिक्यूटर हसन इलाही ने बताया कि कोर्टहाउस के अंदर कई कमरों में आग लगा दी गई और सिक्योरिटी फोर्स के आने और भीड़ को हटाने से पहले आग ग्राउंड फ्लोर से पहली मंजिल तक फैल गई थी।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article