अमेरिका में एक सिख परिवार का अपहरण कर लिया गया है। अपहरण किए गए लोगों में एक आठ साल का बच्चा भी शामिल है। इस मामले में अमेरिकी पुलिस ने एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया है।
अमेरिका के अधिकारियों ने कहा कि अपहरण के संदेह में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। संदिग्ध ने मंगलवार को खुद को मारने की कोशिश की थी, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं परिवार अभी भी लापता है।
मर्स्ड काउंटी शेरिफ कार्यालय ने एक बयान में कहा कि जांचकर्ताओं ने 48 वर्षीय जीसस सालगाडो की पहचान पीड़ितों के एटीएम कार्ड का इस्तेमाल करने के बाद की। सिख परिवार को सोमवार को बंदूक की नोक पर अपहरण कर लिया गया था। जिसके बाद उनके एटीएम का संदिग्ध ने इस्तेमाल किया था। साथ ही सिख परिवार की गाड़ी जली अवस्था में मिली है।
मूल रूप से ये सिख परिवार पंजाब के होशियारपुर के हरसी पिंड का रहने वाल है। अपहरण हुए सदस्यों की पहचान आठ माह की आरुही धेरी, उसकी मां 27 वर्षीय जसलीन कौर, पिता 36 वर्षीय जसदीप सिंह और चाचा 39 वर्षीय अमनदीप सिंह के रूप में की गयी है।
वहीं जसदीप और अमनदीप के पिता डॉ. रणधीर सिंह और मां कृपाल कौर अपहरण की इस घटना के बाद से स्तब्ध हैं। रणधीर स्वास्थ्य विभाग और कृपाल शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त हैं। रणधीर 29 सितंबर को ही अमेरिका से भारत लौटे थे।
रणधीर सिंह को जैसे ही बेटे के अपहरण की जानकारी मिली वो अमेरिका जाने की तैयारी कर रहे हैं। इस मामले पर केंद्र सरकार भी नजर बनाए हुए है।
