Karachi Firing: पाकिस्तान के कराची में आठ साल की बच्ची और एक वरिष्ठ नागरिक सहित तीन लोगों की उस समय मौत हो गई जब आजादी का जश्न मनाने के लिए फायरिंग की जा रही थी। राहत एवं बचाव कार्य से जुड़े अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। यही नहीं शहर भर में इस तरह की हुई घटनाओं में कम से कम 64 लोग घायल हुए।
रिपोर्टों के मुताबिक अजीजााद में एक लड़की आवारा गोली लगने से घायल हो गई, जबकि एक अलग घटना में कोरंगी में स्टीफन नामक एक व्यक्ति की मौत हो गई। रेस्क्यू अधिकारियों ने बताया कि कराची भर में हवाई फायरिंग के कारण दर्जनों लोग घायल हुए। पुलिस ने कहा कि हवाई फायरिंग की घटनाएं लियाकताबाद, कोरंगी, लियारी, महमूदाबाद, अख्तर कॉलोनी, कीमारी, जैक्सन, बल्दिया, ओरंगी टाउन और पापोश नगर से रिपोर्ट हुईं।
इन इलाकों में हुई फायरिंग
इसी तरह की घटनाएं शरीफाबाद, नॉर्थ नाज़िमाबाद, सुरजानी टाउन, ज़मान टाउन और लांधी में भी हुईं। घायलों को सिविल, जिन्ना, अब्बासी शहीद अस्पतालों और गुलिस्तान-ए-जौहर सहित शहर के अन्य हिस्सों में स्थित निजी चिकित्सा केंद्रों में ले जाया गया। पुलिस के अनुसार मोमिनाबाद, लियाकताबाद, पापोश नगर, समनाबाद, ओरंगी टाउन और कीमारी सहित विभिन्न इलाकों से 20 से अधिक संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है।
कई लोगों के खिलाफ मामले दर्ज
कानून-व्यवस्था संभालने वाले अधिकारियों ने बताया कि हिरासत में लिए गए आरोपियों से आधुनिक हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए हैं और उनके खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं।
