Saudi Arab warns Iran: रियाद और अन्य खाड़ी देशों पर ईरान के हमले के बाद सऊदी अरब भड़क गया है। सऊदी अरब ने ईरान को सीधे तौर पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी है। सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान अल सऊद ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा है कि 'उनके देश एवं खाड़ी के अन्य देशों पर ईरान के हमलों को बर्दाश्त करने की एक सीमा है। इसलिए तेहरान अपनी सैन्य रणनीति पर दोबारा विचार करे।' विदेश मंत्री ने आगे कहा कि 'खाड़ी देशों एवं सऊदी अरब के बास जवाब देने की पर्याप्त एवं प्रभावी क्षमताएं मौजूद हैं और वे चाहें तो वे इनका इस्तेमाल कर सकते हैं।' गुरुवार को एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए विदेश मंत्री ने कहा कि 'अपने क्षेत्रीय पड़ोसियों पर ईरान ने सुनियोजित तरीके से हमला किया।'
हम रक्षात्मक कार्रवाई कर सकते हैं-सऊदी अरब
अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक प्रिंस फैसल ने कहा कि इन हमलों की सटीकता के स्तर को देखकर जिसे आप हमारे पड़ोसी देशों और किंगडम (सऊदी अरब) में भी देख सकते हैं, यह स्पष्ट होता है कि यह सब पहले से सोचा-समझा, योजनाबद्ध और सुव्यवस्थित तरीके से किया गया है। उन्होंने कहा कि 'मैं यह नहीं बताऊंगा कि कौन-सी स्थिति किंगडम (सऊदी अरब) की रक्षात्मक कार्रवाई को प्रेरित करेगी, क्योंकि मुझे नहीं लगता कि ईरानियों को ऐसा संकेत देना समझदारी होगी।'
अपने कदमों पर पुनर्विचार करे ईरान-प्रिंस फैसल
उन्होंने आगे कहा कि 'लेकिन यह जरूरी है कि ईरानी समझें कि किंगडम, उसके साझेदार देश जो हमलों का शिकार हुए हैं, और अन्य सहयोगियों के पास बहुत बड़ी क्षमता और ताकत है, जिसे वे जरूरत पड़ने पर इस्तेमाल कर सकते हैं। जो धैर्य दिखाया जा रहा है, वह असीमित नहीं है। उनके (ईरानियों) पास एक दिन है, दो दिन या एक हफ्ता, मैं यह नहीं बताने वाला।' मैं उम्मीद करता हूं कि वे आज की बैठक के संदेश को समझेंगे, जल्दी से अपने कदमों पर पुनर्विचार करेंगे और अपने पड़ोसी देशों पर हमले बंद करेंगे। लेकिन मुझे संदेह है कि उनमें इतनी समझदारी है।'
ईरान ने हमले बढ़ाने की चेतावनी दी
ईरान ने संकेत दिया है कि वह अपने अभियान को और आगे बढ़ा सकता है। रिवोल्यूशनरी गार्ड से जुड़े तसनीम समाचार एजेंसी के अनुसार, तेहरान ने अमेरिका और इजराइल की "गंभीर गलती" के जवाब में अन्य देशों के ऊर्जा बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने कहा, अगर यह दोहराया गया, तो आपके और आपके सहयोगियों के ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हमले तब तक नहीं रुकेंगे जब तक कि वे पूरी तरह से नष्ट न हो जाएं और कहीं अधिक गंभीर प्रतिक्रिया की चेतावनी दी।
