दुनिया

क्रीमिया में एक और विमान हादसा, अब रूसी SU-30 हुआ क्रैश; 3 दिन पहले 29 लोगों ने गंवाई थी जान

Fighter Jet Crashed: रूस के क्रीमिया में Su-30 लड़ाकू विमान क्रैश हो गया। विमान अपनी रूटीन ट्रेनिंग फ्लाइट के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। हालांकि, हादसे के पीछे की वजह अभी सामने नहीं आ सकी है।

Image

क्रीमिया में रूसी SU-30 हुआ क्रैश

Photo : iStock

Fighter Jet Crashed: रूस के क्रीमिया में एक और विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। रूसी Su-30 लड़ाकू विमान शुक्रवार को क्रीमिया में क्रैश हो गया। इससे तीन दिन पहले भी क्रीमिया में एक सैन्य विमान क्रैश हुआ था, जिसमें क्रू मेंबर सहित 29 लोगों की मौत हुई थी।

Su-30 विमान हुआ क्रैश

अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एसोसिएट प्रेस (AP) की रिपोर्ट के मुताबिक, रूसी एयरोस्पेस फोर्स का एक Su-30 लड़ाकू विमान शुक्रवार को एक रूटीन ट्रेनिंग फ्लाइट के दौरान क्रीमिया में क्रैश हो गया। हालांकि, इस हादसे में दोनों पायलट बाल-बाल बच गए।

रक्षा मंत्रालय की एक प्रेस रिलीज के मुताबिक, क्रू मेंबर्स सुरक्षित तरीके से विमान से बाहर निकले और जमीन पर मौजूद रेस्क्यू टीम ने उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। पायलटों की जान को कोई खतरा नहीं है।

बिना हथियारों के उड़ान भर रहा था Su-30

Su-30 एक शक्तशाली और बहुउद्देश्यीय लड़ाकू विमान है, जो एक ट्रेनिंग फ्लाइट के दौरान बिना गोला-बारूद के आसमान में फर्राटा भर रहा था। हालांकि, लड़ाकू विमान क्रैश कैसे हुआ? इसकी अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

सैन्य विमान हुआ था क्रैश

इससे पहले, 31 मार्च को क्रीमिया में एक An-26 सैन्य परिवहन विमान क्रैश हो गया, जिससे उसमें सवार चालक दल के छह सदस्य और 23 यात्री मारे गए। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, An-26 सैन्य परिवहन विमान क्रीमिया प्रायद्वीप के ऊपर एक निर्धारित उड़ान पर था और मंगलवार शाम लगभग छह बजे सेना का विमान से संपर्क टूट गया।

रूसी समाचार एजेंसी 'इंटरफैक्स' ने रक्षा मंत्रालय के हवाले से बताया कि प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण तकनीकी खराबी माना जा रहा है। सरकारी समाचार एजेंसियों 'तास' और 'आरआईए नोवोस्ती' के अनुसार, घटनास्थल पर मौजूद सूत्रों ने बताया कि विमान एक चट्टान से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ। बता दें कि एएन-26 सोवियत काल में डिजाइन किया गया एक सैन्य परिवहन 'टर्बोप्रॉप' विमान है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article