रूस ने एक बार फिर यूक्रेन में ड्रोन अटैक से कहर बरपाया है। यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि रूस की ओर से किए गए ड्रोन हमलों में कम से कम सात लोगों की मौत हुई है,जबकि 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं। हमलों में आवासीय इमारतों, दफ्तरों, डेटा सेंटरों और अन्य नागरिक ठिकानों को निशाना बनाया गया। कीव में यूक्रेन की नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेज की इमारत भी हमले की चपेट में आई।
कीव और खारकीव में भारी नुकसान
कीव क्षेत्र में रूसी ड्रोन हमलों में चार लोगों की मौत और आठ लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। राजधानी के शेवचेंकिव्स्की जिले में हुए हमले में एक महिला की मौत हो गई। इसके अलावा एक दवा कंपनी और गैस स्टेशनों को भी नुकसान पहुंचा।
द्निप्रो में एक कार्यालय केंद्र पर कामकाजी समय के दौरान ड्रोन गिरा। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, इस हमले में तीन लोगों की मौत हुई और कम से कम 12 लोग घायल हुए। वहीं, खारकीव में नौ मंजिला आवासीय इमारत पर हुए हमले में 43 लोग घायल हुए, जिनमें 11 बच्चे शामिल हैं। उत्तरी यूक्रेन के चेर्निहीव क्षेत्र में भी ड्रोन ने रिहायशी इलाके को निशाना बनाया। इस हमले में दो किशोरियों समेत चार लोग घायल हुए।
जहाज और बंदरगाह भी निशाने पर
रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसकी सेना ने कीव में दो डेटा सेंटर और गैस स्टेशनों को निशाना बनाया। दक्षिणी शहर ओडेसा में नोवा पोश्ता के वितरण केंद्र पर हमला होने की बात भी कही गई। इसके अलावा काला सागर में एक मालवाहक जहाज और चोर्नोमोर्स्क बंदरगाह में एक अन्य जहाज को नुकसान पहुंचने की जानकारी दी गई।यूक्रेन का कहना है कि ऐसे हमलों से उसके अनाज निर्यात पर असर डालने की कोशिश की जा रही है। रूस का दावा है कि उसके हमले सैन्य ठिकानों पर केंद्रित हैं, जबकि यूक्रेन लगातार नागरिक क्षेत्रों को नुकसान पहुंचने की बात कहता रहा है।
पूर्वी मोर्चे पर यूक्रेन की बढ़त का दावा
इस बीच यूक्रेनी सेना ने डोनेत्स्क क्षेत्र में अभियान के दौरान 51 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र वापस लेने का दावा किया है। थर्ड आर्मी कॉर्प्स के मुताबिक, अभियान शुरू होने के बाद कुल 176 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र पर फिर से नियंत्रण हासिल किया गया है। सेना ने रूसी रक्षा पंक्तियों को निशाना बनाने के लिए पुराने BTR-60 बख्तरबंद वाहनों और ग्राउंड रोबोट के इस्तेमाल की बात कही।
रूस में भी यूक्रेनी ड्रोन हमले
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन ने रूस के तुला और वोरोनेज क्षेत्रों में रक्षा संयंत्रों तथा क्रास्नोडार क्षेत्र में तेल प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया। रूस के मुताबिक, उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने रातभर में 254 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए। इन हमलों के बीच संयुक्त राष्ट्र में युद्ध खत्म करने को लेकर कूटनीतिक प्रयास भी जारी हैं। हालांकि, क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि जल्द शांति समझौते की दिशा में प्रगति की संभावनाएं फिलहाल कम हैं।
