रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग फिलहाल थमती नहीं दिख रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप भले ही इस जंग पर विराम लगवाने के लिए भरपूर प्रयास कर रहे हैं, लेकिन रूस और यूक्रेन नहीं मान रहे। अब रूस ने दावा किया है कि 91 लंबी दूरी के ड्रोन से यूक्रेन ने मॉस्को के उत्तर में नोवगोरोड क्षेत्र में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आवास पर हमला करने का प्रयास किया।
एक टेलीविज़न बयान में, विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि रविवार और सोमवार की रात को ये ड्रोन अटैक हुआ। हालांकि हमले में कोई नुकसान नहीं हुआ क्योंकि ज्यादातर को मार गिराया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि रूस उचित समय पर जवाबी कार्रवाई करने का अधिकार सुरक्षित रखता है।
रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि यह कथित ड्रोन हमला नोवगोरोड क्षेत्र में हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना का असर यूक्रेन के साथ युद्ध समाप्त करने के लिए चल रही शांति वार्ताओं पर पड़ेगा और इससे रूस की वार्तात्मक स्थिति में बदलाव किया जाएगा। बताया जा रहा है कि लावरोव का इशारा उत्तर-पश्चिमी रूस के नोवगोरोड ओब्लास्ट में वलदाई झील के किनारे स्थित अत्यधिक सुरक्षित वलदाई राष्ट्रपति आवास की ओर था। हालांकि,उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि कथित हमले के समय राष्ट्रपति पुतिन वहां मौजूद थे या नहीं।
जेलेंस्की ने दावे किए खारिज
वहीं, यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोदिमिर जेलेंस्की ने रूस के इस दावे को खारिज कर दिया है। जेलेंस्की ने कहा कि यह आरोप ऐसे समय सामने आया है, जब एक दिन पहले ही उनकी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फ्लोरिडा में करीब तीन घंटे तक बातचीत हुई थी।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि रूस एक बार फिर खतरनाक बयानबाजी कर रहा है, ताकि राष्ट्रपति ट्रंप की टीम के साथ हमारे साझा कूटनीतिक प्रयासों से हासिल प्रगति को कमजोर किया जा सके। हम मिलकर शांति को करीब लाने के लिए काम करते रहेंगे। एक अन्य पोस्ट में जेलेंस्की ने कहा कि रूस यूक्रेन पर अपने हमलों को सही ठहराने और युद्ध को और लंबा खींचने के लिए झूठे दावे फैला रहा है। उन्होंने कहा कि दुनिया की प्रमुख खुफिया एजेंसियों के पास वास्तविक जानकारी मौजूद है। यह टिप्पणी उन्होंने सोमवार को यूरोपीय नेताओं से बातचीत के बाद की।
पुतिन ने ट्रंप को भी दी जानकारी
रूसी सरकारी रेडियो के मुताबिक, राष्ट्रपति पुतिन ने सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से फोन पर बातचीत के दौरान कथित ड्रोन हमले की जानकारी दी। क्रेमलिन के सहयोगी यूरी उशाकोव के हवाले से बताया गया कि पुतिन ने ट्रंप को यह भी कहा कि इस घटना के बाद रूस शांति वार्ताओं पर अपने रुख की समीक्षा कर रहा है। उशाकोव ने दावा है कि पुतिन से बात के दौरान ट्रंप हैरान और आक्रोशित हो गए।
