दुनिया

मिडिल ईस्ट में मिसाइलों के हमलों के बीच रूस भी पीछे नहीं, यूक्रेन में 400 ड्रोन,23 क्रूज मिसाइलों से मचाई तबाही

रूस-यूक्रेन युद्ध के चार साल बीत जाने के बाद भी संघर्ष कम होता नहीं दिख रहा है। रूस ने 400 ड्रोन्स और मिसाइलों के साथ एक बड़ा हमला कर यूक्रेन की घेराबंदी तेज कर दी है।

Image

रूस-यूक्रेन जंग

मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच दुनिया के एक और मोर्चे पर जारी जंग भी भयावह होती जा रही है। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच टकराव भीषण रूप लेता जा रहा है। इस बीच, रूस भी पीछे नहीं है। उसने मंगलवार को यूक्रेन पर भीषण हमला किया है। रूसी सेना ने यूक्रेन ने नागरिक क्षेत्रों को निशाना बनाते हुए बड़ा ड्रोन और मिसाइल हमला किया। इस हमले में चार लोगों की मौत हुई और कम से कम 27 लोग घायल हो गए।

रूस ने दागे 400 ड्रोन

यूक्रेन की वायु सेना ने इस हमले की जानकारी दी। उसने बताया कि रूस ने रात भर में लगभग 400 लंबी दूरी के ड्रोन दागे। रूस की ओर से यह हमला, हाल के हफ्तों में सबसे बड़ा हमला है। इतना ही नहीं, रूस ने यूक्रेन पर 23 क्रूज मिसाइलें और 7 बैलिस्टिक मिसाइलें भी दागीं।

रूस के 'स्प्रिंग ऑफेंसिव' की शुरुआत है ये हमला

यूक्रेनी कमांडरों का कहना है कि यह हमला रूस के बड़े 'स्प्रिंग ऑफेंसिव'(वसंतकालीन आक्रमण) की शुरुआत हो सकती है। बता दें कि पिछले चार दिनों में रूस ने कुल 619 हमले किए हैं। जनरल अलेक्जेंडर सिर्स्की के अनुसार,रूसी सैनिक कई रणनीतिक क्षेत्रों में रक्षा पंक्तियों को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। वर्तमान में रूस के पास यूक्रेन का लगभग 20% हिस्सा (क्रीमिया सहित) है। वहीं, पैदल सेना की कमी को पूरा करने के लिए यूक्रेन उन्नत ड्रोन तकनीक का उपयोग कर रहा है। यूक्रेन ने अपनी ड्रोन तकनीक के बदले अमेरिका से 'पैट्रियट' वायु रक्षा मिसाइलों की मांग की है।

वहीं दूसरी ओर, अमेरिका रूस और यूक्रेन में मध्यस्थता की कोशिश कर रहा है। हालांकि अभी तक हुई कई दौर की बातचीत का कोई ठोस परिणाम नहीं निकला है।

यूक्रेन से हटा दुनिया का ध्यान

28 फरवरी को इजरायल और अमेरिका द्वारा ईरान पर किए गए हमलों से शुरू हुए मध्य पूर्व के नवीनतम संघर्ष ने यूक्रेन की दुर्दशा से अंतरराष्ट्रीय ध्यान हटा दिया है। वहीं दूसरी ओर, रूस को तेल प्रतिबंधों पर अमेरिका द्वारा दी गई अस्थायी छूट से आर्थिक लाभ मिल रहा है, जबकि यूक्रेन नकदी की भारी कमी से जूझ रहा है और यूरोपीय संघ द्वारा वादा किए गए 90 अरब यूरो (103 अरब अमेरिकी डॉलर) के ऋण का अभी भी इंतजार कर रहा है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article