नहीं मान रहे पुतिन: यूक्रेन-अमेरिका वार्ता से पहले रूस का कीव पर हमला; 500 ड्रोन-40 बैलेस्टिक मिसाइलों से बोला धावा
- Edited by: शिव शुक्ला
- Updated Dec 27, 2025, 06:44 PM IST
यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की लगभग चार साल से जारी युद्ध को समाप्त करने के प्रयास में आगे की बातचीत के लिए रविवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिलने की तैयारी कर रहे हैं।
रूस यूक्रेन के बीच नहीं थम रही जंग।
रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग को चार साल से भी ज्यादा समय हो गया है। इसके थमने के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं। अमेरिका भले ही युद्ध पर लगाम लगाने की कोशिशें कर रहा है, लेकिन इसके कोई गंभीर परिणाम सामने नहीं दिख रहे। इस बीच, कल यूक्रेन और अमेरिका के बीच होने वाली वार्ता से एक दिन पहले रूस ने फिर से कीव पर धावा बोल दिया। रूसी सेना ने लगभग 500 ड्रोन और विभिन्न प्रकार की 40 मिसाइल से यूक्रेन की राजधानी कीव में सात जगहों पर ताबड़तोड़ हमला बोला,जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और 20 से अधिक घायल हो गए।
यूक्रेन के गृहमंत्री इहोर क्लिमेंको ने रूसी सेना के हमले के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रूस ने शनिवार तड़के हमला शुरू किया था। बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन के जरिये शहर पर हमले से राजधानी में घंटों तक विस्फोट होते रहे। इन विस्फोटों में 10 से अधिक आवासीय इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं। उन्होंने कहा कि एक इमारत के मलबे में एक व्यक्ति का शव मिला है, ढही इमारतों के मलबे से लोगों को निकाला जा रहा है।
वहीं, जेलेंस्की ने टेलीग्राम पर एक पोस्ट में कहा कि रूस ने लगभग 500 ड्रोन और विभिन्न प्रकार की 40 मिसाइल से यूक्रेन को निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि रूस ने कीव में ऊर्जा और नागरिक बुनियादी ढांचों को निशाना बनाया। इस हमले के कारण कई उर्जा इकाइयां नष्ट हो गई हैं, जिससे क्षेत्र के कुछ जिलों में हमलों के कारण बिजली गायब है।
यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की लगभग चार साल से जारी युद्ध को समाप्त करने के प्रयास में आगे की बातचीत के लिए रविवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिलने की तैयारी कर रहे हैं। जेलेंस्की ने कहा कि वे दोनेत्स्क और जापोरिज्जिया क्षेत्रों में सुरक्षा गारंटी और क्षेत्रीय मुद्दों समेत मुद्दों पर चर्चा करने की योजना बना रहे हैं।
कीव के शहर सैन्य प्रशासन के प्रमुख तिमूर तकाचेंको ने टेलीग्राम पर एक बयान में कहा कि हमले में घायल हुए व्यक्तियों में दो बच्चे भी शामिल हैं,जिसने कीव शहर के सात स्थानों को प्रभावित किया है। शहर के निप्रो जिले में 18 मंजिला एक आवासीय इमारत में आग लग गई। वहीं, डार्नित्सिया जिले में भी 24 मंजिला एक आवासीय इमारत इससे प्रभावित हुई और ओबोलोंस्की और होलोसिवस्की जिलों में आग लग गई।