Rajnath Singh In Australia: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया की राजधानी कैनबरा पहुंचे। वहां उनका गर्मजोशी से स्वागत हुआ। राजनाथ सिंह का स्वागत पारंपरिक 'स्मोकिंग सेरेमनी' से किया गया, जिसकी चर्चा हर तरफ है।
दरअसल, ऑस्ट्रेलिया में किसी भी महत्वपूर्ण या शुभ कार्यक्रम की शुरुआत स्मोकिंग सेरेमनी से की जाती है जो किय यहां का एक पारंपरिक रिवाज है। इस रिवाज में स्थानीय पौधों की पत्तियों (औषधीय) से धुआं किया जाता है। इस औषधीय धुएं को लेकर ऐसी मान्यता है कि इससे आध्यात्मिक और शारीरिक शुद्धि होती है।
क्या है मान्यता?
मान्यता है कि स्मोकिंग सेरेमनी से बुरी आत्माओं को दूर किया जा सकता है। पहले इसे बच्चे के जन्म या दीक्षा, धार्मिक कार्यक्रमों के वक्त किया जाता था। अब विदेशी मेहमानों के स्वागत के दौरान भी स्मोकिंग सेरेमनी की जाती है। इस सेरेमनी को अक्सर आदिवासी समुदाय के किसी सदस्य द्वारा किया जाता है।
राजनाथ सिंह की इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच रक्षा एवं रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करना है। कैनबरा एयरपोर्ट पर ऑस्ट्रेलिया के असिस्टेंड मिनिस्टर ऑफ डिफेंस पीटर खलील, वाइस एडमिरल जस्टिन जोंस ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
अपने X पोस्ट में रक्षा मंत्री ने कहा, 'कैनबरा के रॉयल ऑस्ट्रेलियन एयर फोर्स बेस पहुंचने पर असिस्टेंट मिनिस्टर ऑफ डिफेंस पीटर खलील ने गर्मजोशी से मेरा स्वागत किया। थोड़ी देर में ऑस्ट्रेलिया के रक्षा मंत्री एवं डिप्टी प्राइम मिनिस्टर और अपने दोस्त रिचर्ड मार्ल्स के साथ होने वाली द्विपक्षीय बैठक के लिए उत्सुक हूं।'
होंगे कई महत्वपूर्ण समझौते
इस यात्रा के दौरान, भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है, जिसमें पनडुब्बी खोज और बचाव सहयोग पर एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) भी शामिल है। इस समझौते पर भारत के उप नौसेना प्रमुख और ऑस्ट्रेलिया के नौसेना प्रमुख वाइस एडमिरल मार्क हैमंड (टीबीसी) हस्ताक्षर करेंगे।
