दुनिया

10 अरब रुपए का नोटिस भेजेंगे इमरान खान, 'हकीकी आजादी मार्च’में जुटी भीड़ देख हुए गदगद

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 31, 2022, 05:58 PM IST

Imran Khan March: सीईसी ने तोशाखाना मामले में इमरान खान को दोषी पाते हुए उनकी संसद की सदस्यता रद्द कर दी है। आयोग की इस कार्रवाई की वजह से इमरान खान अगले पांच साल तक चुनाव नहीं लड़ पाएंगे।

Image

'हकीकी आजादी मार्च' पर निकले हैं इमरान खान।

KEY HIGHLIGHTS
  • तोशाखाना मामले में सीईसी ने इमरान खान को जानकारी छिपाने का दोषी पाया है
  • अयोग्य ठहराए जाने के बाद पीटीआई प्रमुख पांच साल तक चुनाव नहीं लड़ पाएंगे
  • जल्द चुनाव कराने की मांग को लेकर 'हीकीकी आजादी मार्च' पर निकले हैं इमरान

Toshkhana case : अपने ‘हकीकी आजादी मार्च’को लेकर आगे बढ़ रहे पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री एवं पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ (PTI) के प्रमुख इमरान खान ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) पर बड़ा हमला बोला है। सोमवार को कमोक में प्रदर्शन में शामिल लोगों को संबोधित करते हुए इमरान खान ने कहा कि वह सीईसी सिकंदर सुल्तान रजा को 10 अरब रुपए का नोटिस भेजेंगे। सीईसी ने तोशाखाना मामले में इमरान खान को दोषी पाते हुए उनकी संसद की सदस्यता रद्द कर दी है। आयोग की इस कार्रवाई की वजह से इमरान खान अगले पांच साल तक चुनाव नहीं लड़ पाएंगे। सीईसी का कहना है कि पीएम रहते हुए इमरान खान को जो तोहफे मिले थे उनके बारे में उन्होंने गलत जानकारी दी।

चुनाव आयुक्त के खिलाफ केस दायर करेंगे इमरान

पीटीआई का कहना है कि कमोक में भारी संख्या में लोग जुटे और रैली को अपना समर्थन दिया। मार्च के चौथे दिन भारी संख्या में लोगों के जुटने के लिए इमरान ने उन्हें धन्यवाद दिया। अपने संबोधन में पीटीआई प्रमुख ने कहा, 'सिकंदर सुल्तान आपने जो क्षति पहुंचाई है उसके लिए मैं आपसे हर्जाना वसूल करूंगा। आपने मेरी ईमानदारी पर सवाल उठाए है।' इमरान ने कहा कि वह आने वाले दिनों में कोर्ट में उनके खिलाफ केस दायर करेंगे।

इस्लामाबाद की ओर बढ़ रहा है यह मार्च

इमरान ने आगे कहा कि वह जानते हैं कि पीटीआई के इस मार्च को रोकने के लिए 'आयातित सरकार' हर हथकंडे अपना रही है। इमरान खान ने अपने इस प्रदर्शन को 'हकीकी आजादी मार्च' नाम दिया है। वह सरकार से जल्द से जल्द चुनाव कराने की मांग कर रहे हैं। उनका यह मार्च इस्लामाबाद की तरफ बढ़ रहा है। पीटीआई के इस मार्च को देखते हुए राजधानी में बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है। इमरान खान सोमवार की रात गुजरांवाला में ठहरने वाले हैं।

मृत पत्रकार सदफ नईम के घर पहुंचे इमरान

इससे पहले पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री सोमवार को मृत पत्रकार सदफ नईम के घर पहुंचे और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। इससे एक दिन पहले नईम की कथित तौर पर खान के वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई थी। ‘चैनल 5’ की तरफ से पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के ‘हकीकी आजादी मार्च’ को कवर कर रहीं पत्रकार नईम की मौत रविवार को साधोक के पास हुई थी।

संबंधित चैनल के मुताबिक, उसकी संवाददाता उस कंटेनर से कंटेनर से कुचली गईं जिसमें खान सफर कर रहे थे। ‘डान’ अखबार की खबर के अनुसार, मीडिया घराने ने कहा कि नईम कंटेनर से गिर गईं और इसके नीचे आ गईं।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article