Rawalakot PoJK Violence: पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (PoJK) के रावलकोट में स्थिति बेहद विस्फोटक और तनावपूर्ण हो गई है। यहां स्थानीय नागरिकों और पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के बीच भड़के भीषण हिंसक संघर्ष में अब तक 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है, जिनमें 4 सुरक्षाकर्मी भी शामिल हैं। इस खूनी झड़प में 200 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। स्थानीय सूत्रों और खुफिया इनपुट के अनुसार, गंभीर रूप से घायलों की संख्या को देखते हुए मौतों का यह आंकड़ा और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
बिगड़ते हालात को काबू में करने के लिए प्रशासन ने पूरे रावलकोट और आसपास के क्षेत्रों में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया है। साथ ही, अफवाहों को रोकने और प्रदर्शनकारियों के समन्वय को तोड़ने के लिए मोबाइल और इंटरनेट सेवाओं को पूरी तरह से ठप कर दिया गया है।
जनाजे के दौरान भड़की ताजा हिंसा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रावलकोट में तनाव उस समय और बढ़ गया जब एक जनाजे (अंतिम संस्कार) के दौरान अचानक प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच हिंसक टकराव शुरू हो गया। देखते ही देखते इस विरोध प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया।
-उग्र भीड़ पर काबू पाने के लिए पाकिस्तानी बलों ने लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले और कथित तौर पर सीधी गोलीबारी का सहारा लिया।
-जवाबी कार्रवाई में नागरिकों के भारी आक्रोश का सामना सुरक्षा बलों को करना पड़ा, जिसमें 4 पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी मारे गए।
-इस दौरान सुरक्षा बलों की कार्रवाई में 4 स्थानीय नागरिकों की भी जान चली गई।
बता दें कि रावलकोट और पूरे PoJK में पिछले लंबे समय से पाकिस्तानी हुकूमत और सेना के खिलाफ भारी जन-आक्रोश पनप रहा है। वहीं, ताजा मौतों के बाद पूरे क्षेत्र में मातम के साथ-साथ भयंकर गुस्सा है। सड़कों पर सन्नाटा पसरा है और चप्पे-चप्पे पर भारी संख्या में पाकिस्तानी सैनिकों और सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। ऐसे में रावलकोट मिलिट्री छावनी में तब्दील हो गया है।
