क्रिकेट

दीप्ति शर्मा ने रचा इतिहास, बनीं ऐसा करने वाली पहला भारतीय बैटर

दीप्ति शर्मा ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे वनडे में शानदार शतकीय पारी खेली। उन्होंने 83 गेंद में अपनी सेंचुरी पूरी की। इस दौरान उन्होंने हरमन के साथ रिकॉर्ड साझेदारी की।

Image

दीप्ति शर्मा (साभार-X)

दीप्ति शर्मा की नाबाद 106 रन की पारी के दम पर भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे वनडे में पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 328 रन बनाए। दीप्ति ने 14 चौके की मदद से 83 गेंद में अपने वनडे करियर का दूसरा शतक पूरा किया। यह भारत की ओर से 5वां सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड है। वनडे में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड स्मृति मंधाना के नाम है। मंधाना ने पिछले साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 50 गेंद में शतक जड़ा था। इसके साथ ही उन्होंने वनडे क्रिकेट में इतिहास रच दिया। वह भारत के लिए नंबर 6 या इससे नीचे करते हुए शतक जड़ने वाली पहली खिलाड़ी बन गईं। इससे पहले इस नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड ऋचा घोष के नाम था। उन्होंने पिछले साल साउथ अफ्रीका के खिलाफ 94 रन की पारी खेली। दीप्ति मौजूदा भारतीय टीम की नंबर वन ऑलराउंडर हैं। विमेंस क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट का रिकॉर्ड भी उन्हीं के नाम है।

5वें विकेट के लिए साझेदारी का रिकॉर्ड

दीप्ति शर्मा और हरमनप्रीत कौर ने 5वें विकेट के लिए 153(137) रन की साझेदारी की। यह 5वें विकेट के लिए भारत की ओर सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड है। दीप्ति और हरमन ने 4 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। इस दौरान हरमनप्रीत कौर ने अपने वनडे करियर का 8वां शतक जड़ा। उन्होंने मिताली राज का रिकॉर्ड तोड़ दिया। साल 2022 में स्नेह राणा और पूजा वस्त्राकर ने 5वें विकेट के लिए पाकिस्तान के खिलाफ 122 रन की साझेदारी की थी। यह साझेदारी वर्ल्ड कप मैच के दौरान आई थी।

भारत ने 148 रन के स्कोर पर अपना चौथा विकेट गंवा दिया था जब दीप्ति शर्मा बल्लेबाजी करने आईं थीं। दीप्ति और हरमनप्रीत कौर ना केवल अपनी टीम को मुश्किल से निकाला बल्कि भारत को 300 रन के पार पहुंचा दिया।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article