दुनिया

कुवैत में इटली के नागरिकों की मौत के आरोपों को ईरान ने किया खारिज, ड्रोन हमले को बताया 'युद्ध की पहले से रची गई साजिश'

कुवैत के एक महत्वपूर्ण ठिकाने पर हुए ड्रोन हमले में दो इटली के नागरिकों की मौत के बाद मध्य पूर्व में तनाव बढ़ गया है। कुवैत के आरोपों को खारिज करते हुए ईरानी विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने इसे 'युद्ध की पहले से तैयार साजिश' करार दिया है और संयुक्त जांच की पेशकश की है।

Image

अराघची बोले- जांच में सहयोग को तैयार ईरान (फाइल फोटो)

Photo : AP

कुवैत में हुए संदिग्ध ड्रोन हमले में दो इटली के नागरिकों की मौत और एक कुवैती और एक पाकिस्तानी नागरिक के घायल होने की घटना के बाद मध्य पूर्व में कूटनीतिक और सैन्य तनाव अचानक बढ़ गया है। कुवैत सरकार ने इस घटना को "ईरानी हमला" करार देते हुए इसकी कड़े शब्दों में निंदा की है। वहीं दूसरी ओर, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने तेहरान की किसी भी संलिप्तता से साफ इनकार करते हुए इस घटना को संदिग्ध और "युद्ध की पहले से तैयार पटकथा" करार दिया है।

ईरानी विदेश मंत्री की सफाई: 'हमारा कोई हाथ नहीं, संयुक्त जांच के लिए तैयार'

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X और अपने टेलीग्राम चैनल पर जारी बयानों में ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने बताया कि उन्होंने इटली और कुवैत के अपने समकक्षों से टेलीफोन पर बात की है। अराघची ने कुवैत के विदेश मंत्री शेख जर्राह जाबेर अल-अहमद अल-सबा से बातचीत के दौरान कुवैत पर ईरानी ड्रोन हमले के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया। उन्होंने कहा कि ईरान का इस घटना से कोई लेना-देना या संलिप्तता नहीं है। यह घटना बेहद संदिग्ध है और किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा करती है। तेहरान इस घटना के मूल स्रोत और कारकों का पता लगाने के लिए कुवैत और इटली के साथ संयुक्त जांच में सहयोग करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

इसके साथ ही इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो तजानी से बात करते हुए अराघची ने मारे गए इतालवी नागरिकों के प्रति संवेदना व्यक्त की और ईरान पर लगाए गए आरोपों को "बेबुनियाद" करार दिया।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article