PM Modi Gift To Meloni: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली के दौरे पर इटली गणराज्य की मंत्रिपरिषद अध्यक्ष जॉर्जिया मेलोनी को खास तोहफा दिया। पीएम मोदी ने मेलोनी को मेलोडी टॉफी गिफ्ट किया। मेलोनी ने इसका वीडियो भी एक्स पर शेयर किया है। इसमें पीएम मोदी, मेलोनी को भारत में घर-घर में मशहूर मेलोडी टॉफी का पैकेट गिफ्ट देते नजर आ रहे हैं। पैकेट लेते समय मेलोनी ने कहा- पीएम मोदी मेरे लिए गिफ्ट लेकर आए हैं, इस पर मोदी कहते हैं, मेलोडी। इसके साथ ही मेलोनी और पीएम मोदी दोनों खिलखिलाकर हंस पड़ते हैं। बता दें कि मेलोडी टॉफी पारले का प्रोडक्ट है और यह भारत में घर-घर में लोकप्रिय है। खास तौर पर बच्चे इस टॉफी को बहुत पसंद करते हैं और ये उनकी बर्थडे पार्टियों का हिस्सा होती है।
'Melodi' शब्द सोशल मीडिया यूजर्स ने दिया
यह सब तब शुरू हुआ जब 2023 में दुबई में COP28 समिट के दौरान मेलोनी ने मोदी के साथ एक सेल्फी शेयर की, जिसका कैप्शन था 'COP28 में अच्छे दोस्त #Melodi।' 'Melodi' शब्द सोशल मीडिया यूजर्स द्वारा बनाया गया एक वायरल निकनेम है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के नामों को मिलाकर बनाया गया है। यह चर्चा एक बार फिर तब जोरों पर आ गई जब मेलोनी ने रोम में मोदी का स्वागत एक सेल्फी के साथ किया।
इटली दौरे पर पहुंचे पीएम मोदी
बता दें कि पीएम मोदी 5 देशों की यात्रा के तहत कल इटली पहुंचे थे। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी (Giorgia Meloni) ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। दोनों नेताओं की मुलाकात इस समय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी चर्चा में है। रोम पहुंचने के बाद पीएम मोदी और जॉर्जिया मेलोनी ने साथ में डिनर किया और इसके बाद दोनों नेताओं ने रोम के प्रसिद्ध कोलोसियम का भी दौरा किया।
आज भारत-इटली की द्विपक्षीय बैठक करेंगे। द्विपक्षीय वार्ता से पहले इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए रात्रिभोज का आयोजन किया था और उन्हें ऐतिहासिक कोलोसियम का भ्रमण भी कराया। दोनों नेताओं के बीच होने वाली औपचारिक बातचीत का उद्देश्य भारत-इटली संबंधों को और मजबूत करना है। प्रधानमंत्री मोदी 15 से 20 मई तक की पांच देशों की अपनी यात्रा के अंतिम चरण में मंगलवार को इटली पहुंचे। इससे पहले वह संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड, स्वीडन और नॉर्वे की यात्रा पर थे।
ऐतिहासिक कोलोसियम का भ्रमण किया
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर एक संदेश में कहा, "रोम पहुंचने पर प्रधानमंत्री मेलोनी से रात्रिभोज के दौरान मुलाकात का मौका मिला। इसके बाद हमने ऐतिहासिक कोलोसियम का भ्रमण किया। इस दौरान विभिन्न विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ।" प्रधानमंत्री ने कहा कि वह बुधवार को मेलोनी के साथ औपचारिक वार्ता को लेकर उत्सुक हैं, ताकि भारत-इटली संबंध को और मजबूत करने के उपायों पर चर्चा आगे बढ़ाई जा सके।
कोलोसियम रोम शहर के मध्य स्थित अंडाकार आकार का विशाल एंफिथियेटर है जिसे अब तक निर्मित सबसे बड़ा एंफिथियेटर माना जाता है। नॉर्वे से यहां पहुंचे मोदी ने इटली में भारतीय समुदाय द्वारा गर्मजोशी के साथ किए गए स्वागत के लिए उनका आभार भी जताया। उन्होंने कहा, भारत के प्रति उनका गहरा स्नेह और भारत-इटली संबंधों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता वास्तव में सराहनीय है। भारतीय प्रवासी दुनियाभर में देश का गौरव बढ़ा रहे हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि रोम पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का इटली में बसे भारतीय समुदाय ने उत्साहपूर्ण और गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने इतालवी कलाकारों द्वारा प्रस्तुत कथक, कुचिपुड़ी और भरतनाट्यम जैसी रंगारंग प्रस्तुतियां भी देखीं।
