दुनिया

ऑस्ट्रेलिया के PM अल्बनीज ने निकाला अपना फोन... फिर पीएम मोदी संग ली सेल्फी, भारत को लेकर कही अहम बात

PM Modi Australia Visit: पीएम नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने मेलबर्न में ऐतिहासिक सेल्फी साझा की। भारत-ऑस्ट्रेलिया सीईओ फोरम में पीएम मोदी ने दोनों देशों को 'भरोसेमंद पार्टनर' बताया।

Image

प्रधानमंत्री अल्बनीज और पीएम मोदी ने साथ में ली सेल्फी

इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के अपने तीन देशों के आधिकारिक दौरे के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न पहुंचे। गुरुवार को दोनों देशों के बीच औपचारिक वार्ताओं के दौरान एक बेहद खूबसूरत तस्वीर सामने आई, जिसने औपचारिक कूटनीति की सीमाओं को तोड़ दिया। 'भारत-ऑस्ट्रेलिया सीईओ फोरम' और बिजनेस रिसेप्शन के बाद ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने पीएम नरेंद्र मोदी के साथ एक शानदार सेल्फी ली और इसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर साझा किया।

इस सेल्फी को पोस्ट करते हुए ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बनीज ने दोनों देशों के मजबूत होते व्यापारिक और मानवीय रिश्तों को रेखांकित किया। उन्होंने लिखा:

"हम मिलकर अपनी अर्थव्यवस्थाओं को आगे बढ़ा रहे हैं और ऑस्ट्रेलियाई तथा भारतीय व्यवसायों को मजबूत समर्थन दे रहे हैं। हमारे लोगों के बीच गहरे संबंधों ने हमारी कई व्यावसायिक सफलता की कहानियों को जन्म दिया है।

हम व्यावसायिक नेताओं और विश्वविद्यालयों के साथ मिलकर भारत के साथ ऑस्ट्रेलिया के आर्थिक संबंधों को और मजबूत बनाने के लिए काम करते रहेंगे। इससे ऑस्ट्रेलिया में नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे और व्यापार तथा निवेश से जुड़ी भविष्य की संभावनाओं का अधिकतम लाभ उठाया जा सकेगा।"

सीईओ फोरम में पीएम मोदी का मंत्र: 'भरोसेमंद और स्वाभाविक साझेदार'

तस्वीरों से इतर व्यापारिक पटल पर भी भारत ने बड़ी धाक जमाई है। मेलबर्न में आयोजित भारत-ऑस्ट्रेलिया सीईओ फोरम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज जब दुनिया वैश्विक अनिश्चितता, सप्लाई चेन की बाधाओं और ऊर्जा संकट से जूझ रही है, ऐसे समय में भारत और ऑस्ट्रेलिया का एक स्वाभाविक और भरोसेमंद पार्टनर के रूप में आगे बढ़ना बेहद जरूरी है।

पीएम मोदी ने स्वच्छ ऊर्जा, बुनियादी ढांचा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की वकालत की। उन्होंने 2022 में हुए अंतरिम मुक्त व्यापार समझौते (ECTA) की सराहना करते हुए कहा कि दोनों देशों ने मिलकर निवेश और इनोवेशन का एक नया रनवे तैयार कर दिया है, जिस पर अब विकास का विमान उड़ान भरने के लिए तैयार है।

मेलबर्न में गूंजा 'मां तुझे सलाम'

इससे पहले, ऑस्ट्रेलिया की धरती पर कदम रखते ही प्रवासी भारतीय समुदाय ने पीएम मोदी का किसी रॉकस्टार की तरह बेहद गर्मजोशी और भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ स्वागत किया। इस स्वागत समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण 'ऑस्ट्रेलिया-इंडिया ऑर्केस्ट्रा' की परफॉर्मेंस रही, जिसने वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर 'मां तुझे सलाम' की बेहद जादुई और सुरीली प्रस्तुति दी।

पीएम मोदी ने इस परफॉर्मेंस का वीडियो साझा करते हुए लिखा, "ऑस्ट्रेलिया-इंडिया ऑर्केस्ट्रा की प्रस्तुति अद्भुत थी। इसने खूबसूरती से दिखाया कि कैसे संगीत हमारे लोगों के दिलों को जोड़ता है।"

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article