दुनिया

अपनी यात्रा के अंतिम चरण में पेरिस पहुंचे PM मोदी, विवाटेक 2026 में लेंगे हिस्सा, बोले, G-7 में हुईं उपयोगी बैठकें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जी-7 दौरे के बारे में बताया है। X पर अपने एक पोस्ट में पीएम ने कहा कि 'एवियन में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान मेरी कई उपयोगी बैठकों और चर्चाओं का दौर रहा। मुझे शासन और नीति-निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर भारत के विचारों और प्रयासों को प्रस्तुत करने का अवसर मिला।

Image

अपनी यात्रा के अंतिम चरण में पेरिस पहुंचे पीएम मोदी।

Photo : ANI

Narendra Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जी-7 दौरे के बारे में बताया है। X पर अपने एक पोस्ट में पीएम ने कहा कि 'एवियन में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान मेरी कई उपयोगी बैठकों और चर्चाओं का दौर रहा। मुझे शासन और नीति-निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर भारत के विचारों और प्रयासों को प्रस्तुत करने का अवसर मिला। साथ ही, वैश्विक समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए ग्लोबल साउथ के देशों के साथ मिलकर काम करने की आवश्यकता पर भी भारत का पक्ष रखा।'

उन्होंने कहा कि 'अब मैं अपनी फ्रांस यात्रा के अंतिम चरण के लिए पेरिस जाऊंगा। पेरिस में मेरे कार्यक्रमों में वीवाटेक 2026 में संबोधन देना और एक सामुदायिक कार्यक्रम में भारतीय प्रवासी समुदाय के साथ संवाद करना शामिल है।'

मैक्रों के साथ विवाटेक 2026 में हिस्सा लेंगे PM

बुधवार को जी-7 के संपर्क सत्र में मोदी ने जी-7 देशों, भारत और ग्लोबल साउथ की ताकतों को जोड़कर संपर्क और व्यापार बढ़ाने के लिए एक रूपरेखा का प्रस्ताव रखा। उन्होंने पश्चिम एशिया संकट के विकासशील देशों पर पड़ने वाले दीर्घकालिक प्रभावों को लेकर भी चिंता जताई। पेरिस में मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ विवाटेक 2026 में हिस्सा लेंगे।

यूरोप का सबसे बड़ा प्रौद्योगिकी सम्मेलन है विवाटेक

विदेश मंत्रालय के अनुसार, विवाटेक यूरोप का सबसे बड़ा प्रौद्योगिकी और नवाचार सम्मेलन है। इस बार इसमें भारत का सबसे बड़ा राष्ट्रीय मंडप (पैवेलियन) होगा, जो भारतीय और यूरोपीय नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र के बीच साझेदारी की विशाल संभावनाओं का प्रतीक माना जा रहा है।

डीपफेक के खतरे के बारे में चेताया

प्रधानमंत्री ने बुधवार को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के गलत इस्तेमाल के खिलाफ चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अगर सुरक्षा के उपाय नहीं किए गए, तो इससे बच्चे गलत जानकारी, डीपफेक और शोषण के खतरे में पड़ सकते हैं। फ्रांस में जारी जी7 शिखर सम्मेलन के एक सत्र को संबोधित करते हुए मोदी ने डीपफेक, गलत जानकारी और साइबर धोखाधड़ी के खिलाफ वैश्विक सहयोग को मजबूत करने का भी आह्वान किया।

'AI बढ़ा सकता है बच्चों की रचनात्मकता'

मोदी ने कहा कि एआई बच्चों को उनकी अपनी भाषाओं में पढ़ा सकता है, उनकी रचनात्मकता को बढ़ा सकता है और सीखने के अनुभव को अधिक व्यक्तिगत बना सकता है। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि सुरक्षा उपायों के बिना यह प्रौद्योगिकी उन्हें गलत जानकारी, डीपफेक और शोषण जैसे खतरों में डाल सकती है। 'सुरक्षित, त्वरित और प्रभावी एआई कार्यान्वयन सुनिश्चित करना’ विषय पर आयोजित जी7 सत्र को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, 'हमें डिजिटल दुनिया को बच्चों के लिए सीखने का मैदान बनाना चाहिए, न कि उन्हें प्रभावित और गुमराह करने का माध्यम।'

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article